राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति का चुनाव जीत लिया है। तीसरे चरण के वोटों की गिनती जारी ही थी कि उनके प्रतिद्वंदी और विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने हार स्वीकार करते हुए उन्हें जीत की बधाई भी दे दी। यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘पूरा देश इस बात की उम्मीद करता है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू बिना किसी भय और पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करेंगी।’

द्रौपदी मुर्मू ने तीन चरणों की वोटों की गिनती में अपने प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को दोगुने के अंतर से पीछे छोड़ दिया था। जिसेक बाद यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई देते हुए कहा, ‘मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उन्हें दिल से बधाई देता हूं। मुझे और हर भारतीय को उम्मीद है कि 15 वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करेंगी। मैं देशवासियों के साथ उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’

मीनाक्षी लेखी ने ड्रम बजाकर मनाया जश्न

एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव जीतते ही उन्हें बधाइयां देने का तांता शुरू हो गया। वहीं कुछ लोगों ने अलग-अलग अंदाज में मुर्मू की इस जीत का जश्न मनाया। केंद्रीय मंत्री और दिल्ली से बीजेपी की सांसद मीनाक्षी लेखी ने द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न कुछ अलग अंदाज में मनाया। लेखी ने मुर्मू की जीत का जश्न ड्रम बजाकर मनाया। जैसे ही मीनाक्षी लेखी को द्रौपदी मुर्मू की जीत की खबर मिली उन्होंने जमकर ढोल-नगाड़े बजाए और मुर्मू की जीत पर अपनी खुशी जाहिर की।

संबित पात्रा भी मुर्मू की जीत पर थिरकते नजर आए
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा भी एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर जमकर जश्न मनाया। बीजेपी नेता जीत के जश्न में ऐसा डूबे कि आस-पास बज रहे ढोल नगाड़ों की धुन पर जमकर नाचे। आपको बता दें कि संबित पात्रा ओडिशा से आते हैं और द्रौपदी मुर्मू भी ओडिशा से ही आती हैं। ऐसे में तो जीत का जश्न दोगुना हो गया। आपको बता दें कि द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में इस जीत के साथ ही इतिहास रच दिया है। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी हैं। इस जीत के साथ ही अब उनका नाम भी इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा।