लोकसभा सांसद बनने के बाद से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अलग-अलग कारणों के रहते चर्चा में हैं। सोमवार को वह संसद में फ़िलिस्तीन के समर्थन में एक बैग लेकर पहुंची थीं। जिसपर शांति से जुड़ी अपील को लेकर संदेश लिखा हुआ था। आज कांग्रेस के सभी सांसद और खुद प्रियंका गांधी बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के ख़िलाफ़ संदेश देने के लिए बैग पर एक संदेश लेकर पहुंचे हैं।

क्या संदेश दे रहे कांग्रेस सांसद?

कांग्रेस की सोशल मीडिया साइट्स पर लिखा है,”बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, हिंदुओं और ईसाइयों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लेकिन मोदी सरकार इस मुद्दे पर खामोश है, कोई कदम नहीं उठा रही। आज संसद परिसर में कांग्रेस के सांसदों ने प्रदर्शन कर, बांग्लादेश में हिंदुओं, ईसाइयों व अल्पसंख्यकों के संरक्षण की मांग की।”

भाजपा ने क्या कहा?

बांग्लादेश मुद्दे पर संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय राज्यमंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने कहा, “मैं यह देखकर हैरान हूं। हमारा विपक्ष हमेशा से सिर्फ मुसलमानों को लेकर चिंतित रहा है। भारत में अल्पसंख्यक का मतलब बदल गया है। कांग्रेस और हमारे प्रतिद्वंद्वियों ने इसे बदलकर मुसलमान कर दिया। अब वे हिंदुओं के लिए आंदोलन कर रहे हैं, इसलिए यह एक बड़ा बदलाव है। शायद यह मोदी मैजिक है।”

Priyanka Gandhi Bag: संसद में स्पेशल बैग लेकर पहुंचीं प्रियंका गांधी, जानें उस पर क्या लिखा था?

फ़िलिस्तीन के समर्थन में आवाज़ उठाती रही हैं प्रियंका गांधी

जून में प्रियंका ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना की थी और उनकी सरकार पर बर्बरता का आरोप लगाया था। कांग्रेस महासचिव की यह टिप्पणी नेतन्याहू द्वारा अमेरिकी कांग्रेस को दिए भाषण में गाजा में इजरायल के चल रहे युद्ध का बचाव करने के बाद आई थी।

प्रियंका गांधी ने कहा था कि अब केवल नागरिकों, माताओं, पिताओं, डॉक्टरों, नर्सों, सहायता कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, शिक्षकों, लेखकों, कवियों, वरिष्ठ नागरिकों और उन हजारों निर्दोष बच्चों के लिए आवाज उठाना पर्याप्त नहीं है, जो गाजा में हो रहे भयानक नरसंहार में दिन-प्रतिदिन मारे जा रहे हैं।