BJP leader Ramkripal Yadav: देशभर में सातों फेज के लोकसभा चुनाव संपन्न हो गए हैं। आज बिहार की आखिरी आठों सीट पर वोटिंग 50.56 फीसदी मतदान हुआ। इसी बीच, पटना के पाटलिपुत्र लोकसभा सीट के तनेरी इलाके में बीजेपी सांसद और पाटलिपुत्र प्रत्याशी रामकृपाल यादव के काफिले को टारगेट किया गया। इसमें गोली कथित तौर पर उनके एक समर्थक को लग गई है।
गोलीबारी की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, यह फायरिंग किसने की और क्यों की, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। घायल समर्थक की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि बिहार की जिन आठ लोकसभा सीटों पर शनिवार को वोटिंग हुई है उनमें पटना साहिब, पाटलिपुत्र, सासाराम, नालंदा, आरा, काराकाट, बक्सर और जहानाबाद शामिल हैं। रामकृपाल यादव मसौढ़ी में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने गए थे। वहीं, बीजेपी नेता एकदम सुरक्षित हैं।
रामकृपाल यादव ने घटना के बारे में क्या कहा
बीजेपी उम्मीदवार रामकृपाल यादव ने कहा कि मुझे बूथ पर अवैध तरीके से एक महिला विधायक के घुसने की जानकारी मिली थी। इसी की जांच कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तिनेरी गांव में समर्थकों से मिलने गया था। अचानक पिंजड़ी गांव के बाहरी इलाके में ही 20 से 25 लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर के अलावा गोलीबारी भी गई। गांव के एक समर्थक ने मुझे बचाने की कोशिश की। उसे बंदूक के बट से पीटा गया। मैं हमलावरों को नहीं जानता हूं। आज हमारे दो कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है।
भाजपा नेता ने की कड़ी निंदा
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.निखिल आनंद ने यादव पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूर्व नियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने इस कृत्य को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक मतभेद कभी भी हिंसा तक नहीं बढ़ने चाहिए।
आनंद ने मामले की गहन जांच की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द और कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने हिंसा के ऐसे कृत्यों की निंदा करने में एकजुटता का आह्वान किया और राजनीतिक विमर्श को वैचारिक मतभेदों की परवाह किए बिना सभ्य और सम्मानजनक बनाए रखने का आग्रह किया।