पंजाब के गुरदासपुर में ताबड़तोड़ गोलियां चलने की खबर हैं, जहां आमने-सामने हुए दो पक्षों के दो-दो लोगों की मौत हो गई है। वजह आपसी रंजिश को बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने जानकारी दी है कि फायरिंग के दौरान दोनों तरफ से कुल 13 लोग थे। मामला रविवार की रात रविवार की रात बटाला के विथवान गांव में सामने आया था। 8 गंभीर घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या था पूरा मामला?

खुलेआम गोलीबारी का यह मामला सामने आने के बाद अब राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं। सिरसा ने सोशल साइट एक्स पर लिखा, “कल मौर मंडी और आज बटाला से पंजाब का एक नया वीडियो आया है जिसमें हत्याएं हो रही हैं। आज बटाला में दिनदहाड़े चार लोगों की हत्या कर दी गई। विरोधी गुट आपस में भिड़ गए। पंजाब में जंगल राज है!! पंजाब में गैंगस्टर और ड्रग तस्करों का कब्ज़ा है। पंजाब पुलिस अपना नियंत्रण खो चुकी है।

‘दिल्ली से चल रही है सरकार’


बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाते हुए कहा,”भगवंत मान जी के पास कोई पावर नहीं है और दिल्ली से बैठे लोग पंजाब की सरकार चला रहे हैं। सरकार के नाम पर पंजाब को हर दिन लूटा जा रहा है।”

फिलहाल पंजाब पुलिस की ओर से इस मामले पर प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। इंडिया टूडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह पूरा मामला पानी के लेन-देन से जुड़े विवाद का है। जब बात बहुत ज़्यादा बढ़ गई तो दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं और दो-दो लोगों की गोलियां लगने से मौत हो गई।