Raja Bhaiya: उत्तर प्रदेश के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफदिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उनके खिलाफ उनकी पत्नी भानवी सिंह ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था और उनकी शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। भानवी सिंह पिछले काफी समय से अपने पति से अलग दिल्ली में रह रही हैं।
पुलिस का कहना है कि सफदरजंग एन्क्लेव थाने में उत्तर प्रदेश के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये मामला पहले से क्राइम अगेंस्ट वूमेन सेल(caw cell) में चल रहा था। मामला मीडिएशन सेंटर भी गया था, लेकिन इसके बाद मामला जब थाने आया तो केस दर्ज किया गया है।
राजा भैया पर लगाए गंभीर आरोप
प्रतापगढ़ के शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाली भानवी कुमारी सिंह ने अपने पति विधायक रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने पति पर शारीरिक और मानसिक क्रूरता का आरोप लगाते हुए धारा 498A के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। भानवी सिंह ने शिकायत में कहा है कि उनके पति ने उन्हें वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
12 की मौत, 15 वेटिंलेटर पर पहुंच गए… महाराष्ट्र में फैल रहा GB सिंड्रोम क्या है?
भानवी सिंह का आरोप है कि लगातार मारपीट के कारण उनके शरीर के अंग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्हें अपने जीवन पर खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने पहले भी राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन परिवार की शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उसे आगे नहीं बढ़ाया। अपनी शिकायत में ससुराल पक्ष और सास पर भी कई गंभीर आरोप उन्होंने लगाए। उन्होंने कहा कि पहले मैं वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने और परिवार में शांति के लिए चुप हो गई। इसके बाद भी हमारे ऊपर अत्याचार खत्म नहीं हुए।
भानवी सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि 17 फरवरी 1995 में उत्तर प्रदेश के राज परिवार में शादी के बाद से ही कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि शादी के बाद उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी। ससुराल में उन्हें घरेलू जिम्मेदारियों में लगा दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पति ज्यादातर समय लखनऊ में बिताते थे, जबकि वह अपने वैवाहिक घर बैती कोठी, कुंडा, प्रतापगढ़ में अकेली रहती थीं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल में उनकी निजता का सम्मान नहीं किया गया। उनकी सास उनके वैवाहिक जीवन में दखल देती थीं और उनके पति इस पर कोई ध्यान नहीं देते थे। उन्होंने कहा कि तमाम अत्याचारों को सहने के बाद भी शांत रही। लेकिन, पिछले एक साल में लगातार मेरे खिलाफ हमले हुए हैं। उन्होंने तहरीर के साथ सुरक्षा की भी मांग की है।
बता दें, राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का तलाक का केस अभी कोर्ट में चल रहा है। बीते दिनों भानवी ने तलाक मामले में दिल्ली के साकेत कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। जिसमें उन्होंने पति (राजा भैया) पर शारीरिक और मानसिक शोषण करने के साथ ही एक महिला पत्रकार से अफेयर का भी आरोप लगाया था।
राजा भैया और भानवी सिंह की 1995 में हुई थी शादी
राजघराने से ताल्लुक रखने वाली भानवी सिंह की शादी राजा भैया से 1995 में हुई थी। राजा भैया और भानवी सिंह के दो बेटे और दो बेटियां हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव के वक्त राजा भैया ने जो एफिडेविट दाखिल किया था, उसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 23.24 करोड़ रुपये से ज्यादा की बताई थी। हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 13.64 करोड़ और पत्नी भानवी सिंह के पास 6.08 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। बाकी संपत्ति उनके चारों बच्चों नाम पर है।
यह भी पढ़ें-
‘दिमाग और आंखें…’ तेजस्वी पर जमकर बरसे मांझी; लालू-राबड़ी को भी खूब सुनाया
महाकुंभ का समापन, लेकिन 4000 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र का अब क्या होगा?