बॉलीवुड डायरेक्टर निशिकांत कामत नहीं रहे। सोमवार शाम चार बजकर 24 मिनट पर उनका निधन हो गया। यह जानकारी समाचार एजेंसी ANI ने हैदराबाद स्थित AIG Hospitals के हवाले से दी। साथ ही बताया- निशिकांत लिवर सिरोसिस (Liver Cirrhosis) बीमारी से पिछले दो साल से जूझ रहे थे।

वह इससे पहले वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी। कामत के निधन पर बॉलीवुड एक्टर और उनके दोस्त रितेश देशमुख ने दुख जताया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा है- मैं तुम्हें मिस करूंगा दोस्त…। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।

कामत के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें बुखार और भारी थकान की शिकायत के बाद 31 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 50 साल के थे। उन्होंने रहस्य-रोमांच से भरी दृश्यम और मदारी सरीखी फिल्में डायरेक्ट की थीं।

अस्पताल ने बताया, ‘‘पिछले दो साल से वह लिवर सिरोसिस बीमारी का सामना कर रहे थे। शुरुआत में हमने उन्हें एंटीबायोटिक और कुछ अन्य दवाइयां दीं, जिससे उनमें कुछ सुधार हुआ लेकिन बाद में लिवर के निष्क्रिय होने और बेहोशी के बाद उनकी स्थिति बिगड़ती गयी।’’

निर्देशक को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी स्थिति धीरे-धीरे खराब होने लगी। श्वसन संबंधी दिक्कतें भी बढ़ गयी और इसके बाद कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। शाम चार बजकर 24 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट किया, ‘‘निशिकांत के साथ मेरा जुड़ाव केवल ‘दृश्यम’ तक का ही नहीं था। उनके साथ मेरे अच्छे संबंध थे। वह शानदार व्यक्ति थे, जो हमेशा मुस्कुराते रहते थे। बहुत जल्दी उन्होंने साथ छोड़ दिया। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’


इससे पहले, दिन में कामत के निधन की अफवाहें भी उड़ी थीं। कामत ने ‘फोर्स’ और इरफान खान अभिनीत ‘मदारी’ भी बनायी थी। कामत ने 2005 में मराठी फिल्म ‘डोंबिवली फास्ट’ से निर्देशन का सफर शुरू किया था । बॉलीवुड में उन्होंने ‘मुंबई मेरी जान’ से शुरुआत की। इस फिल्म में भी इरफान थे।

कामत ने 2016 में ‘रॉकी हैंडसम’ में नकारात्मक भूमिका निभायी थी। इस फिल्म का उन्होंने निर्देशन भी किया था। अजय देवगन और तब्बू अभिनीत ‘दृश्यम’ उनकी सबसे बड़ी हिट फिल्म थी। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)