Delhi Corona App: कोरोना वायरस को लेकर दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने राज्य के लोगों की सहूलियत के लिए दिल्ली कोरोना ऐप लॉन्च किया है। मंगलावर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं पर घबराने की कोई जरूरत नहीं है हमने इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हुए हैं। हमने लोगों के लिए आईसीयू, बेड और वेंटिलेटर का इंतजाम किया हुआ है। उन्होंने कहा कि आप सरकार कोरोना से चार कदम आगे है।
उन्होंने ऐप के बारे में बताता हुए कहा कि हमने ये जानकारी देने के लिए एक ऐप बनाया है कि किस प्राइवेट और सरकारी अस्पताल में कितने बेड खाली हैं और कितने भरे हुए हैं। सुबह 10 बजे और शाम 6 बजे इसे अपडेट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में कोविड-19 के मरीजों के लिए आरक्षित 6,731 में से 4,100 बेड खाली हैं,अगर कोविड-19 के मरीजों को भर्ती करने से मना किया जाए तो मदद के लिए 1031 पर फोन करें, विशेष स्वास्थ्य सचिव आपकी मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि आप गूगल प्ले स्टोर से इसे Delhi Corona के नाम से डाउनलोड कर सकते हैं। 8800007722 व्हाट्स ऐप से भी इसे डाउनलोड किया जा सकता है।https://delhifightscorona.in/beds के नाम से इसका एक वेब पेज भी बनाया गया है। अगर आपको फिर भी जानकारी नहीं मिलती है तो आप 1031 पर फोन कर सकते हैं। सीएम ने वेंटिलेटर्स की जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल दिल्ली के अस्पतालों में 302 वेंटिलेटर्स हैं जिसमें से 210 खाली हैं।
बता दें कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,171 नए मामले सामने आने के बाद मंगलवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,98,706 हो गई। वहीं इस खतरनाक वायरस से 204 और लोगों की मौत के साथ ही देश में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 5,598 हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अभी 97,581 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 95,526 संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 48.07 फीसदी मरीज स्वस्थ हुए हैं।
