किसान राजधानी दिल्ली में आंदोलन को लेकर अड़े हुए हैं। वहीं सरकार ने उन्हें निरंकारी ग्राउंड में धरना देने की अनुमति दी है। पंजाब और हरियाणा के किसान सिंधु बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर मौजूद हैं। इसी बीच किसानों से मुलाकात करने के लिए कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला पानीपत पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार एमएसपी की गारंटी दे तो वह भी जय-जयकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो इस कानून को तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।
सुरजेवाला ने कहा, ‘किसान न कांग्रेस का है न बीजेपी का है। आप किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दीजिए मैं सबसे पहले मोदी जी की तारीफ करूंगा। आप कानून में लिखकर दीजिए। हम सब उनकी जय-जयकार करेंगे। किसान को अगर आप उत्पीड़ित करेंगे, रोड़े अटकाएंगे, आंसू गैस छोड़ेंगे, लाठियां मारेंगे। अगर किसान ने रोटी पैदा करनी बंद कर दी तो दिल्ली का दरबार एक मिनट चल नहीं पाएगा।’
वहीं कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘मोदी सरकार ने एमएसपी को डेढ़ गुना किया। एक लाख करोड़ का ऐग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम करना शुरू किया है। 10 हजार एफपीओ बनाने का काम चल रहा है। ये सारे काम 2022 तक किसान की आय दोगुनी करने की दिशा में काम हैं। ये नए कानून भी आने वाले कल में किसान के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले हैं।’
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी मोदी सरकार पर हमला किया। राहुल गांधी ने एक तस्वीर ट्वीट कि जिसमें जवान एक बुजुर्ग किसान को लाठी दिखा रहा था। राहुल गांधी ने कहा कि हमारा विश्वास जय जवान जय किसान में है लेकिन मोदी के अहंकार ने जवान और किसान को आमने-सामने ला खड़ा किया है। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी अपने खरबपति दोस्तों के लिए लाल कालीन बिछाते हैं लेकिन किसानों के आगे गड्ढे खोद दिए हैं।
पानीपत में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस ‘काले कानून’ को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा था कि जब गांधी जी सत्य अहिंसा की लाठी लेकर देश के किसान के साथ निकले थे तो ब्रिटिश साम्राज्य तिनके की तरह बिखर गया था।