झारखंड कांग्रेस के एक नेता को दशहरा के मौके पर शस्त्र पूजा करना और उसका फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने नेताजी के फेसबुक अकाउंट पर फोटो देखकर न केवल उनके घर की तलाशी ली बल्कि अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल भेज दिया। मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले का है। जिले के कांग्रेस नेता और कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी को पुलिस ने चाईबासा स्थित घर से छापेमारी कर शुक्रवार (18 अक्टूबर) की रात गिरफ्तार कर लिया। एचटी मीडिया के मुताबिक, पुलिस ने बनर्जी के घर से एक अवैध देसी कट्टा, डबल बैरेल एक लाइसेंसी गन और कुछ बुलेट्स बरामद किया है।
चाईबासा के एसडीपीओ ने मीडिया को बताया कि उन्हें सोशल मीडिया से इसकी भनक लगी थी कि कांग्रेस नेता ने अवैध देसी कट्टे की शस्त्र पूजा की है। इसके बाद छानबीन की गई तो मामले की सच्चाई पता चला। इसके बाद टीम बनाकर कांग्रेस नेता के घर छापेमारी की गई। छापेमारी में वो हथियार बरामद किया गया। एसडीपीओ ने कहा है कि जिले के उपायुक्त से अनुरोध कर रहे हैं कि उनके डबल बैरेल लाइसेंसी गन का लाइसेंस रद्द किया जाय।
बनर्जी ने साल 2011 में गन का लाइसेंस हासिल किया था। उधर, पार्टी के दूसरे नेताओं ने विपक्षी नेताओं को पुलिस द्वारा परेशान करने का आरोप लगाया है। कोल्हान प्रभारी केशव महतो ने कहा कि जानबूझकर विपक्षी नेताओं और आदिवासियों को परेशान किया जा रहा है और उन्हें चुनावों से पहले जबरन जेल भेजा जा रहा है। बता दें कि राज्य में अगले महीने एक -दो महीने में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। इसलिए भी पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
[bc_video video_id=”6095865869001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]