अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। तीरथ रावत करीब 4 महीने ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल संभाल सके। कहा जा रहा है कि भाजपा ने भले ही संवैधानिक नियमों का हवाला देकर तीरथ सिंह रावत से इस्तीफा लिया हो लेकिन कहीं ना कहीं उनके विवादित बयान भी इसकी एक वजह रहे हैं।
तीरथ सिंह रावत के विवादित बयानों पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह किसी की व्यक्तिगत राय हो सकती है। साथ ही उन्होंने इस्तीफे के मसले पर कहा कि यह कोई बड़ा मामला नहीं है। सिर्फ संवैधानिक या तकनीकी मामलों के कारण उनको इस्तीफा देना पड़ा। साथ ही त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि कई विधायकों ने तीरथ रावत को अपनी सीट भी ऑफर की थी। लेकिन उस समय वह अस्वस्थ थे और चुनाव नहीं लड़ सके। चूंकि संवैधानिक नियमों के आधार पर सदन के नेता को उसका सदस्य बनना जरुरी होता है इसलिए उनको इस्तीफा देना पड़ा।
#Exclusive | उत्तराखंड मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे और फिर से मुख्यमंत्री चुने जाने पर देखिए क्या बोले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत (@tsrawatbjp)@DilipDsr #Uttarakhand #TeerathSinghRawat #BJP pic.twitter.com/alFytVq6JR
— AajTak (@aajtak) July 3, 2021
मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत के विवादित बयानों की वजह से देशभर में बीजेपी की खूब फजीहत हुई। उनके कई बयानों पर विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला। इतना ही नहीं कई बयानों पर तो भाजपा के बड़े नेताओं को भी सामने आकर सफाई देनी पड़ी। तीरथ सिंह रावत के विवादित बयानों की फेहरिस्त काफी लंबी है।
तीरथ सिंह रावत के फटी जींस वाले बयान पर खूब हल्ला मचा। उन्होंने एक कार्यक्रम में महिलाओं के फटी जींस पहनने पर कहा कि एक बार वो प्लेन से कहीं जा रहे थे तो उन्होंने एक महिला को फटी हुई जींस पहने देखा। महिला के साथ उसके साथ दो बच्चे भी थे। महिला एनजीओ चलाती थी। रावत ने कहा था कि ऐसी महिलाएं अपने बच्चों को क्या संस्कार देना। रावत के इस बयान पर बीजेपी को देश भर में शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी।
इसके अलावा उन्होंने बच्चे पैदा करने को लेकर भी विवादित बयान दिया था। तीरथ सिंह रावत ने कहा था कि लॉकडाउन के दौरान मोदी जी ने हर घर में प्रति व्यक्ति 5 किलो राशन दिया। जिस घर में 10 थे तो 50 किलो आ गया, 20 थे तो क्विंटल आ गया, 2 थे तो 10 किलो आ गया। लेकिन फिर भी लोगों को एक दूसरे से जलन होने लगी कि मुझे 2 है तो 10 किलो मिला और 20 वाले क्विंटल क्यों मिला। आगे उन्होंने कहा कि भैया इसमें दोष किसका है। उसने 20 पैदा किए, आपने 2 पैदा किए तो उसको क्विंटल मिलने लगा, इसमें जलन काहे का। जब समय था तो आपने दो ही पैदा किया, 20 क्यों नहीं किया। काहे का जलन भाई।
इतना ही नहीं उन्होंने कोरोना को लेकर भी एक अजीबो गरीब बयान दिया था। तीरथ सिंह रावत ने कहा था कि मां गंगा की कृपा से कुंभ में कोरोना नहीं फैलेगा। कोरोना काल में कुंभ करने को लेकर तीरथ सिंह कहा था कि कुंभ और निजामुद्दीन मरकज की तुलना करना गलत है। बंद कमरे के कारण निजामुद्दीन मरकज से कोरोना फैला जबकि हरिद्वार में खुले में कुंभ हो रहा है।
इसके अलावा तीरथ रावत ने अपने एक बयान में प्रधानमंत्री मोदी की तुलना भगवान राम और कृष्ण से भी कर दी थी। उन्होंने कहा था कि लोग भविष्य में नरेंद्र मोदी की पूजा करेंगे। जैसे भगवान राम और कृष्ण ने लोगों के सामाजिक उत्थान के लिए काम किया उसी तरह नरेंद्र मोदी भी लोगों के लिए काम कर रहे हैं। इसलिए आने वाले दिनों में लोग नरेंद्र मोदी की पूजा करेंगे।