चुनाव आयोग ने आज पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उनमें पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर शामिल हैं। चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही इन राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।

उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले चरण के मतदान होंगे। 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के दूसरे चरण और पंजाब, उत्तराखंड एवं गोवा में पहले चरण के मतदान होंगे। इसके बाद 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान होंगे। 23 फरवरी को उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के मतदान होंगे। 27 फरवरी को उत्तर प्रदेश के पांचवें चरण और मणिपुर के पहले चरण के मतदान होंगे। 3 मार्च को उत्तर प्रदेश के छठे चरण और मणिपुर के दूसरे चरण के मतदान होंगे। वहीं 7 मार्च को उत्तर प्रदेश में 7वें चरण के मतदान होंगे। 10 मार्च को 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना होगी।

बता दें कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव सबसे ज्यादा 403 विधायक उत्तरप्रदेश से चुने जाएंगे। इसके बाद पंजाब से 117, उत्तराखंड से 70, मणिपुर से 60 और गोवा से 40 विधायक चुने जाएंगे। जिन पांच राज्यों में चुनाव होने वाले वाले हैं उनमें सिर्फ पंजाब में ही कांग्रेस पार्टी की सरकार है। बाकी में भाजपा सत्ता में है।

हालांकि इसबार पंजाब में भी चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। पंजाब में कांग्रेस के अलावा आप, अकाली और भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ चुनावी ताल ठोक रही है। वहीं उत्तरप्रदेश में मुख्य लड़ाई सपा और भाजपा के बीच दिखाई दे रही है। लेकिन कांग्रेस और बीएसपी भी अपना पूरा जोर लगा रही है। 

इसके अलावा उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। मणिपुर में मुख्य लड़ाई एनडीए और कांग्रेस के बीच ही है। गोवा में भी इसबार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। टीएमसी और आम आदमी पार्टी भी इस बार के गोवा विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत झोंक चुकी है। जबकि सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी कांग्रेस भी जमकर पसीने बहा रही है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 14 मई को समाप्त हो रहा है। जबकि पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 27 मार्च को पूरा हो रहा है। वहीं उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल 23 मार्च को खत्म हो रहा है। इसके अलावा गोवा विधानसभा का कार्यकाल 15 मार्च को और मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च को समाप्त हो जाएगा।