Maharashtra Election Results: महाराष्ट्र में महायुति को रूझानों में पूर्ण बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पहली प्रतिक्रिया सामने आई। शिंदे ने कहा कि हम महाराष्ट्र की जनता को इस बढ़त के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं। एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं। यही कारण है कि महायुति इतने रूझानों में इतने मार्जिन से आगे है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “आज मैं महाराष्ट्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं क्योंकि ये जीत ऐतिहासिक है मैंने कहा था कि महायुति को भारी बहुमत मिलेगा। मैं अपनी लाडली बहनों, किसानों और सभी वर्गों को मैं धन्यवाद करता हूं…महायुति ने जो काम किया है जनता ने उस पर वोट दिया है इसलिए महायुति को इतनी बड़ी जीत हासिल हुई है…”

इस दौरान एकनाथ शिंदे ने ठाणे में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार महायुति गठबंधन एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने जा रही है।

एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने कहा कि मैं जनता का धन्यवाद करता हूं, यह उनकी जीत है। यह महायुति की ‘महाविजय’ है। एक तरफ से लोगों ने सिर्फ गालियां और आलोचना सुनी, जबकि हमने सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया। हमने विकास की बात की और उसे जमीन पर उतारा।

LIVE: महायुति ने दिखाई ‘महा-पावर’, वर्ली में आदित्य ठाकरे पीछे झारखंड में लौट रही हेमंत सरकार मुस्लिम बहुल कुंदरकी सीट पर 46 हजार वोटों से आगे बीजेपी

शिवसेना नेता नरेश म्हास्के ने भी अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने महायुति में अपना विश्वास दिखाया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना को खारिज कर दिया है और एकनाथ शिंदे को नेतृत्व के लिए चुना है, क्योंकि बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना सुरक्षित हाथों में है।” म्हास्के ने कहा, “लोगों ने संजय राउत को अपने वोटों से करारा तमाचा मारा है। शिवसेना कार्यकर्ता के तौर पर मेरा मानना ​​है कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनना चाहिए।

शुरुआती नतीजों में महायुति गठबंधन 220 सीटों पर आगे चल रहा है, जिसमें भाजपा 128 सीटों के साथ सबसे आगे है, उसके बाद शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) 55 सीटों के साथ दूसरे और एनसीपी (अजित पवार के नेतृत्व वाली) 35 सीटों पर आगे चल रही है। राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी (आरवाईएसडब्ल्यूपी) 2 सीटों पर आगे चल रही है।