शुक्रवार की रात यहां एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने वाला 32 वर्षीय कैब चालक एक बार पहले भी बलात्कार के मामले में जेल जा चुका है। अमेरिकी कंपनी उबेर टैक्सी ने अगर इस चालक की पृष्ठभूमि की पड़ताल और पुलिसिया जांच कराई होती तो उसे कैब चालन का काम सौंपने से बचा जा सकता था।

कल अपने गृहनगर मथुरा से गिरफ्तार किया गया शिवकुमार यादव पहले भी अपराधी रह चुका है। यह बात पुलिस द्वारा उससे की गई शुरुआती पूछताछ में सामने आई है। उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह बलात्कार के एक मामले में सात माह जेल में बिता चुका है। उसके खिलाफ यह मामला वर्ष 2011 में दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में दर्ज किया गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उसका दावा है कि बाद में उसे इस मामले से बरी कर दिया गया था। हम उसके इन दावों की जांच कर रहे हैं।’’
यादव को आज एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा और आगे की जांच एवं पूछताछ के लिए उसका रिमांड मांगा जाएगा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार करने के बाद उसे कल रात दिल्ली लाया गया था। मथुरा और दिल्ली के बीच की दूरी लगभग 160 किलोमीटर है।

इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई के सदस्यों ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास के बाहर इस मुद्दे पर आज सुबह प्रदर्शन किया।