आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई देते हुए धन्यवाद कहा है। अरविंद केजरीवाल ने 10 साल के छोटे से वक़्त में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने को चमत्कार और अविश्वसनीय उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसके साथ ही हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं।

मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘सारी देश विरोधी ताकतें AAP को बर्बाद करने के लिए एक साथ आ गई हैं, लेकिन हम उनकी धमकी, गुंडागर्दी डरने वाले नहीं हैं, वे आप सभी को कम से कम 8-10 महीने के लिए जेल में डाल देंगे लेकिन उसके बाद वे कुछ नहीं कर पाएंगे’

‘कभी सोचा नहीं था’

केजरीवाल ने कहा कि गठन के महज 10 साल बाद आप राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने में सफल रही। किसी ने नहीं सोचा था कि हम एक विधायक भी बना सकते हैं, लेकिन आज एक दशक से अधिक समय के बाद हमारी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला है। केजरीवाल ने इस दौरान कहा कि आप अपने उद्देश्यों ईमानदारी, देश सेवा के लिए देश पर जान जेने के लिए तैयार है।

AAP के साथ हैं तो जेल जाने के लिए रहें तैयार

अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान कहा कि अगर आप आम आदमी पार्टी में हैं तो जेल जाने के लिए तैयार रहें चुनौतियों का सामना करें। हमारी यात्रा के दौरान हमने इस पार्टी के विकास के लिए लड़ने वाले कई लोगों को खो दिया है। अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान जेल में बंद पार्टी नेता मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन को भी याद किया।

भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया। इसके साथ ही आयोग ने शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), ममता बनर्जी की अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा रद्द कर दिया है। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक एक राजनीतिक पार्टी को तब राष्ट्रीय स्तर की पार्टी माना जा सकता है अगर वह चार या अधिक राज्यों में एक मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय पार्टी हो।