भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 दिसंबर तक दिल्ली NCR, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का अनुमान जताया है। देश की राजधानी नई दिल्ली में बुधवार शाम को भी ही कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है।
IMD द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में शाम के समय ही घना कोहरा छा गया। न्यूज एजेंसी ANI ने जानकारी दी कि पटना से नई दिल्ली आ रही फ्लाइट को खराब मौसम की वजह से इंदौर डायवर्ट कर दिया गया।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
बुधवार को राजधानी नई दिल्ली में तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली NCR में सुबह तड़के घने कोहरे की वजह से हवाई और रेल सेवाएं बाधित हुईं।
IMD के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को रात और सुबह के समय NCR में ‘घने से बहुत घना’ कोहरा छाए रहने के आसार हैं। गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कहां-कहां घने कोहरे का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर की रात से 29 दिसंबर की सुबह तक रात और सुबह के समय पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई इलाकों में घने से घना कोहरा पड़ने का अनुमान है। इसके अलावा यूपी के कई इलाकों में भी घना कोहरा पड़ने का अनुमान जताया गया है।
यहां हो सकती है बारिश
WD 30 दिसंबर से उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकती है, जिस वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 31 दिसंबर 2023 से 2 जनवरी 2023 के बीच हल्की बारिश का अनुमान है।