देश की राजधानी दिल्ली में स्थित जैतपुर के हरिनगर क्षेत्र में रहने वाले एक वृद्ध दंपति की दम घुटने से मौत हो गयी और उनका 14 वर्षीय पोता झुलस गया। पुलिस ने बताया कि दंपति ने ठंड से बचने के लिए बिस्तर के पास कोयले की जलती हुई अंगीठी रखी थी जिसके कारण यह हादसा हुआ। मृतक बाबू लाल (70) और अशरफी (65) अपने बेटे और उसके परिवार के साथ रहते थे।
ठंड से बचने के लिए अंगीठी के पास सोने से मौत: उनका पोता लोकेश बुधवार रात उनके साथ सोया था। गुरुवार (2 जनवरी) की सुबह जब महेश ने उन्हें उठाया तो बाबूलाल और अशरफी को अचेत अवस्था में पाया। सांस के साथ कार्बन मोनोऑक्साइड भीतर लेने के कारण उनके शरीर का रंग फीका पड़ गया था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दंपति को मृत घोषित कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बेहोश होकर अंगीठी पर गिरने के कारण लोकेश के शरीर पर जलने के घाव हैं।
Hindi News Today, 3 January 2020 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
औसत तापमान 20 डिग्री से भी कम रहा है: बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 27 दिसंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। समाचार एजेंसी पीटीआई ने मौसम विभाग के अधिकारी के हवाले से बताया कि इससे पहले केवल 1919, 1929, 1961 और 1997 में औसत तापमान 20 डिग्री से कम रहा है।
यूपी ठंड से 20 लोगों की मौत: वहीं दिल्ली से सटे सभी राज्य में ठंड से लोगों का बुरा हाल है न्यूज एजेंसी के अनुसार उत्तर प्रदेश में ठंड की वजह से 20 लोगों की मौत हो गई है। अब तक फतेहपुर में तीन जबकि बांदा, हमीरपुर, औरैया और कानपुर ग्रामीण में दो दो लोगों की मौत हुई है।

