दिल्ली के तापमान में गिरावट के साथ धुंध बढ़ने का अनुमान जताया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। 12 दिसंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि हवाओं की गति शून्य से 5 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और शाम के समय धुंध और कोहरे के चलते वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और स्वास्थ्य के लिहाज से सर्दी से बचाव के उपाय अपनाएं। इस बीच सुबह और शाम धुंध और कोहरे की समस्या बनी रहेगी। आइएमडी के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक 25.8 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह हल्की धुंध और शाम को हल्का कोहरा देखा गया, जबकि हवाओं की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 22.7 दर्ज किया गया जबकि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 8.6 डिग्री रहा। अनुमान है कि दिल्ली में 12-16 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री और न्यूनतम 8.6 डिग्री, 17-21 दिसंबर तक अधिकतम 22.2 डिग्री, न्यूनतम 8.1 डिग्री, 22-26 दिसंबर तक अधिकतम 20.7 डिग्री, न्यूनतम 7.5 डिग्री और 27-31 दिसंबर तक अधिकतम 20.4 डिग्री, न्यूनतम 6.8 डिग्री तक रह सकता है।

पढ़ें- दिल्ली प्रदूषण को लेकर इस सर्वे में क्या आया सामने

गाजियाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की बात करें तो गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हवा लगातार गंभीर रूप से प्रदूषित बनी हुई है। गुरुवार को गाजियाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा जबकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की स्थिति भी चिंताजनक रही। गुरुवार को गाजियाबाद का औसत एक्यूआई 343 दर्ज किया गया।

राजधानी दिल्ली की हवा गुरुवार को फिर से जहरीली हो गई। बुधवार को मामूली सुधार के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक 259 दर्ज किया गया था जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं, 24 घंटे बाद गुरुवार शाम 4 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार राजधानी में एक्यूआई 304 पहुंच गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि राजधानी में ठंड के बढ़ने और हवाओं की गति धीमी होने के कारण आने वाले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना कम है।

पढ़ें- दिल्ली के प्रदूषण से परेशान हो गए बीजेडी के सांसद