Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली का हाल गर्मी से बेहाल होना शुरू हो गया है। बीते रविवार का तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो साल 2024 का सबसे ज्यादा रहा। इससे पहले शनिवार को तापमान 2 डिग्री कम था।

इस सीजन में दूसरी बार है जब तापमान 40 के पार पहुंचा है इसके पहले 27 अप्रैल को दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया था। यानी अब दिल्ली वालों पर गर्मी का सितम देखने को मिलने लगा है। इस गर्मी में धूप इतनी तेज हो रही है कि दिन में कहीं निकलने पर झुलसने का एहसास होना शुरू हो गया है।

दिल्ली का सफदरजंग रहा सबसे गर्म

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में सबसे ज्यादा तापमान 41.1 डिग्री दर्ज किया गया जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिल्ली के दो अन्य जगहों का तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा। जहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।

मणिपुर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

जबकि देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्थिति ऐसी है कि मणिपुर राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि आगामी दो दिन (6 और 7 मई) तक मौसम की स्थिति को देखते हुए बंद रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रदेश वासियों से यह आग्रह है कि वो अपने घर के अंदर सुरक्षित रहें। वहीं राज्य सरकार इससे होने वाले नुकसान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

नुकसान की भरपाई करेगी राज्य सरकार

मौसम के अपडेट को लेकर एक अधिकारी ने बताया कि इम्फाल पश्चिम के कांचीपुर और तेरा सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। ओले गिरने से लोगों के घरों पर लगे टिनों में बड़े-बड़े छेद हो गए हैं। वहीं तेज हवाओं की वजह से इलाकों के कच्चे मकान और झोपड़ियां उड़ गए हैं। ओलावृष्टि का असर इतना ज्यादा था घाटी के कुछ क्षेत्रों में 4 से 5 इंच के बर्फ जम गए।