Delhi Weather Forecast Today, Delhi Rain Forecast News Today, Delhi Rains Monsoon Today: दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में सोमवार रात से शुरू हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। मध्‍यम गति से सर्द हवाएं चलने से गलन बढ़ गई है। वहीं, जम्‍मू-कश्‍मीर, उत्‍तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेला क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां रुक-रुक कर अगले 4-5 दिनों तक जारी रहेंगी। जिसके चलते मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुश्किलें आ सकती हैं। यह आशंका स्काईमेट वेदर ने जताई है।

वहीं, मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 24 जनवरी तक पानी रुक-रुक कर गिरता रहेगा। इससे पहले बताया गया था कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और एक-दो जगहों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां संभव हैं, जबकि मध्य प्रदेश के नीमच में कुछ जगहों पर ओले गिरे।

Live Blog

Highlights

    09:59 (IST)22 Jan 2019
    लखनऊ से आया लेटेस्‍ट अपडेट

    लखनऊ से मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, अगले तीन घंटों में राजधानी और इसके आसपास के जिलों- हरदोई, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शामली, सीतापुर, मेरठ, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद में बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

    09:36 (IST)22 Jan 2019
    भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

    राज्य के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सोमवार को बंद कर दिया गया। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर कश्मीर के प्रवेश द्वार - जवाहर सुरंग, पर रविवार शाम से करीब दो फुट तक बर्फबारी हुई जिससे अधिकारियों को मजबूरन इस मुख्य मार्ग को यातायात के लिए बंद रखना पड़ा। देश को कश्मीर से जोड़ने वाला यह राजमार्ग हर मौसम में इस्तेमाल होने वाला एकमात्र मार्ग है। हालांकि मूसलाधार बारिश के बावजूद राजमार्ग के बनिहाल-रामबन मार्ग वाले हिस्से पर स्थानीय यातायात की अनुमति दी गई।

    09:09 (IST)22 Jan 2019
    पंजाब, हरियाणा में न्यूनतम तापमान बढ़ने के बावजूद ठंड बरकरार

    पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान बढ़ने के बावजूद अधिकतर हिस्सों में ठंड बरकरार है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में सबसे अधिक ठंडा स्थान पंजाब का गुरदासपुर रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।उन्होंने बताया कि पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 11 डिग्री सेल्सियस, 11.2 डिग्री सेल्सियस और 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है।

    08:49 (IST)22 Jan 2019
    कश्‍मीर: खराब मौसम की वजह से चार उड़ानें रद्द

    श्रीगनर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर खराब मौसम की वजह से विमानों का परिचालन बाधित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को खराब मौसम की वजह से यहां आने-जाने वाले 27 उड़ानों में से चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया। वहीं सोमवार की सुबह से रूक-रूक कर हो रही बारिश और खराब दृश्यता की वजह से 11 विमानों के परिचालन में देरी भी हुई।

    08:24 (IST)22 Jan 2019
    बारिश के कारण दिल्ली में दीवार गिरने से दो की मौत

    दिल्ली के नजफगढ़ में सोमवार को बारिश की वजह से एक गोदाम की दीवार गिरने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी जसवीर (20) और करीम (25) के रूप में हुई है। घटना में 21 वर्षीय एक सोनू नामक व्यक्ति घायल हो गया। डीएफएस ने बताया कि विभाग को शाम के करीब चार बजे घटना के बारे में सूचना मिली। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि कबाड़ से भरे गोदाम की दीवार के बगल में कुछ टाइलें रखी हुई थीं। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

    08:06 (IST)22 Jan 2019
    यहां की एअर क्‍वालिटी ठीक नहीं

    राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने वाले नोएडा ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता ‘‘बेहद खराब’’ जबिक गुरुग्राम में ‘खराब’ दर्ज की गई। दिल्ली में पीएम 2.5 (ढाई माइक्रोमीटर से भी कम व्यास के कण) स्तर 206 रही जबकि पीएम 10 स्तर 354 दर्ज किया गया। केंद्र द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान प्रणाली (सफर) ने बताया कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को बहुत खराब रही लेकिन आगे इसमें सुधार की उम्मीद है।

    07:45 (IST)22 Jan 2019
    दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में, सुधार की संभावना

    दिल्ली में सोमवार को वायु की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ दर्ज की गई। अधिकारियों को उम्मीद है कि बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ ही प्रदूषण स्तर में खासी गिरावट दर्ज की जा सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 345 रहा जो ‘‘बेहद खराब’’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार रविवार की सुबह में वायु गुणवत्ता ‘ गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई थी। वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 और 200 के बीच ‘मध्यम’ श्रेणी, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’, 401 और 500 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ माना जाता है।

    07:28 (IST)22 Jan 2019
    15 ट्रेनें मौसम से प्रभावित

    दिल्‍ली-एनसीआर में देर रात बारिश की वजह से ठंड बढ़ गई है। तेज हवाओं ने गलन बढ़ाई है तो कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। एएनआई के अनुसार, अकेले दिल्‍ली में ही 15 ट्रेनें मौसम के चलते देरी से चल रही हैं।

    21:32 (IST)21 Jan 2019
    कश्‍मीर में हर तरफ बर्फ ही बर्फ

    कश्‍मीर में हिमपात के साथ बारिश भी हो रही है। लगातार हिमपात होने के कारण घाटी में हर तरफ बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ दिखाई पड़ती है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में मौसम के और खराब होने का पूर्वानुमान जताया है।

    21:20 (IST)21 Jan 2019
    दिल्‍ली-एनसीआर में भी हो सकती है बारिश

    उत्‍तर प्रदेश और उत्‍तराखंड के अलावा राजधानी दिल्‍ली और एनसीआर के इलाकों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्‍ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

    21:01 (IST)21 Jan 2019
    उत्‍तराखंड के इन क्षेत्रों में हो सकती है बारिश

    मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में उत्‍तराखंड के भी कई इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना व्‍यक्‍त की है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्‍य के उत्‍तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, नैनीताल और पिथौड़ागढ़ जिलों में 22 जनवरी को हिमपात और बारिश हो सकती है।

    20:47 (IST)21 Jan 2019
    यूपी के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान

    मौसम विभाग ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक उत्‍तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, एटा, अमरोहा, बरेली और बागप‍त जिले और उसके लगते इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।

    19:57 (IST)21 Jan 2019
    हिमाचल प्रदेश के लगातार हिमपात

    हिमाचल प्रदेश ऊपरी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे सामान्‍य जनजीवन प्रभावित हुआ है। केलांग इलाके में जबरदस्‍त हिमपात हुआ है। हर तरफ बर्फ की सफेद चादर देखने को मिली है।

    18:48 (IST)21 Jan 2019
    कश्मीर में ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हुई बारिश

    कश्मीर में सोमवार को ऊंचाई वाले स्थानों पर फिर से बर्फबारी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिससे घाटी के लोगों को शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की खबरें मिली हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार तक राज्य में बारिश और बर्फबारी होने, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी होने का पूर्वानुमान किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार रात श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शनिवार रात भी न्यूनतम तापमान इतना ही दर्ज किया गया था। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में रविवार रात का तापमान शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 0. 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि लेह में तापमान शून्य से 5.6 डिग्री कम, जबकि करगिल में शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर में करगिल सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

    17:49 (IST)21 Jan 2019
    पंजाबः यहां जानें अपने शहर का तापमान

    मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 11 डिग्री सेल्सियस, 11.2 डिग्री सेल्सियस और 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। पठानकोट, आदमपुर, हलवाड़ा, बंठिडा और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान क्रमश: 12.7 डिग्री सेल्सियस, 10.8 डिग्री सेल्सियस, 10.5 डिग्री सेल्सियस, 5.8 डिग्री सेल्सियस और 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    17:23 (IST)21 Jan 2019
    आज अचानक से बदल गया था मौसम

    दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (21 जनवरी, 2019) दोपहर अचानक से मौसम बदल गया। राजधानी और आसपास के इलाके में घने बादल छाने के साथ तीन-चार बजे ही शाम छह-सात बजे वाला हाल हो गया। ऊपर से तेज हवाओं और बूंदा-बांदी ने ठंड में इजाफा कर दिया।

    17:19 (IST)21 Jan 2019
    UP में इन जगहों को लेकर जताई गई आशंका

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मौसम विभाग केंद्र की ओर से दोपहर को कहा गया था, अगले तीन घंटों तक यूपी के बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाज, रामपुर, बदायूं, एटा, अमरोहा, बरेली, बागपत समेत आसपास के इलाकों में बारिश और बिजली गरजने की आशंका जताई गई थी। वहीं, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस सरीखे जिलों में भी बारिश की आशंका जताई गई थी।

    16:48 (IST)21 Jan 2019
    पंजाब में सबसे अधिक कहां पड़ी सर्दी? जानें

    पंजाब, हरियाणा में कई जगह न्यूनतम तापमान बढ़ने के बाद भी ज्यादातर हिस्सों में ठंड है। मौसम विभाग के मुताबिक, क्षेत्र में सबसे अधिक ठंडा स्थान पंजाब का गुरदासपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

    16:33 (IST)21 Jan 2019
    देखें, क्या कहते हैं विशेषज्ञ
    16:31 (IST)21 Jan 2019
    'JK: करगिल में सबसे अधिक ठंड'

    मौसम विभाग के अधिकारी ने आगे कहा, लेह में तापमान शून्य से 5.6 डिग्री कम, जबकि करगिल में शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर में करगिल सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

    16:30 (IST)21 Jan 2019
    उत्तर व दक्षिण कश्मीर का ये रहा तापमान

    विभाग के अधिकारी के अनुसार, रविवार रात श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम था। शनिवार रात भी न्यूनतम तापमान इतना ही था। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में रविवार रात का तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ। वहीं, दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 0. 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

    16:28 (IST)21 Jan 2019
    कश्मीर में होगी कल तक बारिश, भारी बर्फबारी!

    कश्मीर में सोमवार को ऊंचाई वाले स्थानों पर फिर बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। इससे घाटी के लोगों को शीतलहर से राहत मिली। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह मैदानी इलाकों में बारिश हुई। ऊंची जगहों पर भी बर्फबारी की खबर है। मौसम विभाग ने मंगलवार तक राज्य में बारिश और बर्फबारी होने, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी होने का पूर्वानुमान किया है।