Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। कांग्रेस और बीजेपी अपने प्रत्याशी घोषित कर रहे हैं। वहीं कुछ अन्य राजनीतिक दल भी अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें AIMIM से लेकर BSP और NCP जैसे दल शामिल हैं लेकिन इनमें अब एक नाम रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का भी शामिल हो गया है।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया वो पार्टी है, जिसके मुखिया केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री रामदास अठावले हैं। रामदास अठावले की पार्टी ने दिल्ली में 15 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। राज्य में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।
अठावले की पार्टी ने किसे कहां से दिया टिकट
RPI (A) ने सुल्तानपुर माजरा सीट से लक्ष्मी, कोंडली सुरक्षित सीट से आशा कांबले, तीमारपुर से दीपक चावला, पालम से वीरेंद्र तिवारी, नई दिल्ली से शुभी सक्सेना, पटपड़गंज से रणजीत, लक्ष्मीनगर से विजय पाल सिंह, नरेला से कन्हैया, संगम विहार से तेजिंदर सिंह और सदर बाजार से मनीषा को टिकट दिया है।
इसके अलावा पार्टी ने मालवीय नगर से राम नरेश निषाद, तुगलकाबाद से मंजूर अली, बदरपुर से हर्षित त्यागी, चांदनी चौक से सचिन गुप्ता और मटिया महल से मोज कश्यप को टिकट दिया है।
दिल्ली चुनाव से पहले बढ़ेगी केजरीवाल की टेंशन?
कई छोटे दल लड़ रहे हैं चुनाव
बता दें कि दिल्ली में बसपा और AIMIM जैसे छोटे भी विधानसभा चुनाव में उतरने का मन बना चुके हैं। AIMIM 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। आप आदमी पार्टी के लिए इस बार काफी चुनौती मानी जा रही है। कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है।
कांग्रेस ने अब तक 48 उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से संदीप दीक्षित और आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से अलका लांबा को उतारा है। बीजेपी ने नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा और कालकाजी से रमेश बिधूड़ी को उतारा है। दिल्ली चुनाव से जुड़ी सभी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।