दिल्ली में शुक्रवार को इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि शहर के कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य तापमान से लगभग 2.3 डिग्री सेल्सियस कम था और यह इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही।

शहर भर के मौसम केंद्रों ने भी सुबह के शुरुआती घंटों में हल्की बारिश दर्ज की, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। गुरुवार को मौसम की तीसरी सबसे ठंडी सुबह रही थी, क्योंकि शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में पारा गिरकर 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है।

कश्मीर में तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिरने के कारण श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जिससे शुक्रवार को स्थानीय डल झील के कुछ हिस्से जम गए। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने हरियाणा और पंजाब में कंपकंपी बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान (शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे) से कम था। शहर में गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे रहने के साथ ही यह इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। उन्होंने बताया कि इस कड़ाके की ठंड के कारण डल झील के आंतरिक हिस्सों सहित कई जलाशयों के हिस्से जम गए। वहीं, दक्षिण कश्मीर का पर्यटन स्थल पहलगाम केंद्रशासित प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हरियाणा में शीत लहर के कारण दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। सिरसा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री बना हुआ है। नारनौल भी भीषण ठंड की चपेट में रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में बठिंडा सबसे सर्द स्थान रहा, जहां पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। वहीं, गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री, अमृतसर में 6.3 डिग्री व लुधियाना में 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब खिसककर उत्तर पंजाब के इलाके में पहुंच गया है। इस वजह से पंजाब के कई इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिले में शीतलहर चल रही है, जिससे ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच-छह दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना है।