दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में शीतलहर और बढ़ गई।दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह दिल्ली के इस मौसम का सबसे सर्द दिन तो रहा ही दिल्ली में न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अधिकतर स्थानों के तापमान से भी कम रहा।

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो साल में राष्ट्रीय राजधानी में जनवरी के महीने में दर्ज सबसे कम तापमान है। सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली के सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान औसत से चार डिग्री ऊपर 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिमी भारत में बर्फ से ढके पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते लोधी रोड, आयानगर, रिज और जाफरपुर के मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.8 डिग्री सेल्सियस, 2.6 डिग्री सेल्सियस, 2.2 डिग्री सेल्सियस और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को चार डिग्री सेल्सियस गुरुवार को तीन डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, भीषण शीतलहर के कारण मध्य दिल्ली के रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों के लिए रविवार के लिए लाल व सोमवार के लिए नारंगी चेतावनी जारी की है, जिसमें घने कोहरे, दिन में ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने कहा कि राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में नौ जनवरी को भीषण शीतलहर की स्थिति जारी रहने का अनुमान है। हालांकि, एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ दिनों के बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

इस बीच, हरियाणा का हिसार कड़ाके की ठंड वाला स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी आरके जेनामणि ने यह जानकारी दी। कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। घाटी के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के करीब दर्ज किया गया। उधर, घने कोहरे की मोटी चादर ने 480 रेलगाड़ियों रफ्तार व आवाजाही पर लगाम लगा दी।

जेनामणि ने कहा कि गंगा के मैदानी इलाकों में सतह के पास हल्की हवाएं और उच्च नमी जारी रहने के कारण, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और आसपास के उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक रात और सुबह के घंटों के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। और उसके बाद के तीन दिनों के दौरान क्षेत्र में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा रहेगा।

अगले 2-3 दिनों के दौरान जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर मध्य प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय और मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बठिंडा और आगरा में दृश्यता का स्तर शून्य मीटर तक गिर गया और पटियाला, चंडीगढ़, हिसार, अलवर, पिलानी, गंगानगर, लखनऊ और कूचबिहार में 25 मीटर तथा अमृतसर और लुधियाना, अंबाला, भिवानी, पालम (दिल्ली), फुर्सतगंज, वाराणसी, मेरठ, गया और धुबरी में दृश्यता 50 मीटर रही।

हरियाणा के हिसार में पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस, पंजाब के आदमपुर में 2.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में शून्य से 0.5 डिग्री नीचे और राजस्थान के पिलानी में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यह 3.2 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 3.8 डिग्री सेल्सियस, बिहार के गया में 2.9 डिग्री सेल्सियस, मध्य प्रदेश के नौगोंग में शून्य से एक डिग्री नीचे और उमरिया में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि गुलमर्ग और सोनमर्ग-जोजिला जैसे ऊंचे इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उधर, रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण करीब 335 ट्रेन देरी से चल रही हैं, 88 को रद्द किया गया है, 31 को बदले रास्ते से चलाया गया है।

जबकि 33 रेलगाड़ियों की यात्रा को उनके गंतव्य स्थान से पहले समाप्त किया गया है। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण दृश्यता गिर कर महज 50 मीटर रह गई थी जिसके कारण हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ा है।अधिकारियों ने कहा कि रविवार सुबह करीब 25 उड़ानों में देरी हुई। यात्रियों को उड़ानों के संबंध में अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित विमानन कंपनी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह हरियाणा और पंजाब में अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। इस बीच, हरियाणा का हिसार कड़ाके की ठंड वाला स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, सिरसा में भी कड़ाके की ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 3.8 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में तीन डिग्री सेल्सियस जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।