भाजपा विधायक दल की नेता रेखा गुप्ता आज दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। रामलीला मैदान में आज दोपहर 12.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इससे पहले रेखा ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास, जिसे भाजपा ‘शीशमहल’ कहती है उसे म्यूजियम बनाएंगी। रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
एनडीटीवी से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, “हम शीशमहल को संग्रहालय बनाएंगे। हम प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए सभी वादों को भी पूरा करेंगे। इस पद के लिए मुझे चुनने के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करती हूं।”
‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी रेखा गुप्ता
वहीं, एक और न्यूज चैनल से बात करते हुए शीशमहल में रहने के सवाल पर रेखा गुप्ता ने कहा, “बिल्कुल नहीं। वह जनता के खून पसीने की कमाई का महल है। मैं जनता को समर्पित करूंगी। जनता जाए, उसको देखे और उन्हें हर पल इस बात का अहसास होगा कि उनका पैसा कहां खर्च हुआ।”
दिल्ली के इन रास्तों पर आज लग सकता है जाम, पढ़ें ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
‘शीशमहल’ को लेकर अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रही है बीजेपी
दरअसल, भाजपा दिल्ली में 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले के जीर्णोद्धार को लेकर लगातार अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रही है। यह बंगला, 40,000 वर्ग गज में फैला है, जो 2015 से अक्टूबर 2024 तक केजरीवाल का आधिकारिक निवास था। भाजपा की कड़ी राजनीतिक जांच के बीच मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने यह परिसर खाली कर दिया था।
अक्टूबर 2024 में जारी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की रिपोर्ट में बंगले में आलीशान सजावट और महंगे उपकरणों के इस्तेमाल की बात कही गई थी। इसके बाद, केंद्र ने हाल ही में शीशमहल के जीर्णोद्धार में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए और CPWD को बंगले के निर्माण में भवन मानदंडों के उल्लंघन के आरोपों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया।
AAP को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा- रेखा गुप्ता
शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता ने पिछली ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘उन्हें लोगों को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा।’’ रामलीला मैदान में अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले गुप्ता ने कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर में दर्शन किए। भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं रेखा ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना राष्ट्रीय राजधानी के सभी 48 भाजपा विधायकों की जिम्मेदारी है। हम महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। महिलाओं को 8 मार्च तक उनके खातों में रकम निश्चित ही पहुंचा दी जाएगी।’’ हर साल आठ मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, रेखा गुप्ता के अलावा छह नवनिर्वाचित विधायक – प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। पढ़ें- दिल्ली सीएम के शपथ ग्रहण से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स