दिल्ली एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिन जमकर बारिश होगी। गुरुवार के लिए IMD की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 4 से 6 अगस्त तक मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 64 से 80 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में दिन भर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 4 और 5 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश होगी। तापमान में और कमी आएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री तक रह सकता है। वहीं, 6 अगस्त को बारिश हल्की होनी शुरू हो जाएगी। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। 7 और 8 अगस्त को भी बारिश काफी हल्की रहेगी। मौसम विभाग ने गुरुवार शाम और देर रात को हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर 4 अगस्त को राजधानी में भारी बारिश हो सकती है।
हरियाणा और पंजाब में भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने पंजाब में बुधवार से 5 दिन का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इसके अनुसार पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं चार से छह अगस्त तक पंजाब के अधिकतर जिलों में तेज बादल गरजने के साथ भारी बारिश की भी संभावना है। दूसरी तरफ हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, करनाल और पंचकूला में कई जगहों पर हल्की बारिश देखी गई। 3 अगस्त से सिरसा और फतेहाबाद जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।