Independence Day 2024: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कैबिनेट मंत्री आतिशी को स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के आग्रह को नहीं माना और इसके बजाय कैलाश गहलोत को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुझाव के बाद दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के गृह मंत्री को 15 अगस्त को झंडा फहराने के लिए नामित किया है। मंगलवार शाम को जारी एक बयान में सक्सेना के ऑफिस में कहा कि गहलोत को इस वजह से चुना गया है क्योंकि दिल्ली पुलिस तिरंगा फहराने के बाद में औपचारिक मार्च-पास्ट परेड के लिए जिम्मेदार है।

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार और एलजी सक्सेना के सचिवालय के बीच में टकराव शुरू हो गया है। जीएडी मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को जीएडी डिपार्टमेंट को निर्देश दिया कि वह मुख्यमंत्री की इच्छा के मुताबिक आतिशी के झंडा फहराने का इंतजाम करे। मंत्री के पत्र का जवाब देते हुए जीएडी के अधिकारी नवीन कुमार चौधरी ने कहा कि सीएम का निर्देश कानूनी तौर पर सही नहीं है और इस पर अमल नहीं किया जा सकता है। चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां छत्रसाल स्टेडियम में चल रही हैं।

आतिशी ने एलजी को बताया वायसराय

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने स्वतंत्रता दिवस पर झंडा ना फहरा देने के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को हम देश की आजादी का जश्न मनाने और आम लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए तिरंगा झंडा फहराते हैं। 1947 से पहले देश में अंग्रेजों का शासन था और वह अपनी मर्जी से यहां शासन चलाते थे। आज दिल्ली की चुनी हुई सरकार को झंडा फहराने के अधिकार से रोका जा रहा है तो लगता है कि दिल्ली में कोई नए वायसराय आ गए हैं। एलजी साहब दिल्ली की चुनी हुई सरकार को झंडा फहराने से रोक रहे हैं। इससे बड़ी तानाशाही और क्या हो सकती है। अब हमें देखना है कि बीजेपी लोकतंत्र के साथ है या तानाशाही के साथ खड़ी है। संबंधित खबर यहां क्लिक कर पढ़ें…

‘दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की साजिश हो रही है…’, आतिशी ने बोला BJP पर हमला, कहा- ऐसा किया तो यह…

केजरीवाल ने पिछले हफ्ते एलजी को लिखा था पत्र

बता दें कि पिछले हफ्ते उपराज्यपाल वीके सक्सेना को लिखे पत्र में केजरीवाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री आतिशी उनकी जगह दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान तिरंगा फहराएंगी। हालांकि, एलजी हाउस की तरफ से कहा गया कि उन्हें मुख्यमंत्री से कोई भी मैसेज नहीं मिला है। साथ ही तिहाड़ जेल अधिकारियों ने केजरीवाल को बताया कि उन्होंने जेल के नियमों के खिलाफ जाकर एलजी को पत्र लिखा है। अगर फिर दोबारा से ऐसा किया गया तो उनके विशेष अधिकारों में कटौती कर दी जाएगी।