Delhi-Meerut Rapid Rail Project: दिल्ली की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यहां ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। इसके तहत कई फ्लाईओवर बनाने के साथ ही मेट्रो सेवाओं का विस्तार करने पर भी काम चल रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को पूरा करने पर भी जोर-शोर से काम किया जा रहा है।
इस रेल को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकत रफ्तार से दौड़ सकती है और इसकी एवरेज स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसे नमो भारत ट्रेन का नाम दिया गया है। 82 किलोमीटर लंबा आरआरटीएस कॉरिडोर दिल्ली में जंगपुरा से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम में समाप्त होगा। इसके जून, 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है।
आइए इस प्रोजेक्ट के बारे में कुछ जरूरी बातें समझते हैं।
7 मई, 2022 को आरआरटीएस का पहला ट्रेनसेट गुजरात के सावली स्थित एल्सटॉम के मैन्युफैक्चरिंग कारखाने से National Capital Region Transport Corporation (NCRTC) को सौंपा गया था। ट्रेनसेट को NCRTC को सौंपने का कार्यक्रम एल्सटॉम के कारखाने में आयोजित किया गया था। इस ट्रेनसेट को मेक इन इंडिया पहल के तहत बनाया गया। इन ट्रेनसेट को बड़े-बड़े ट्रेलरों में लादकर आरआरटीएस कॉरिडोर के दुहाई डिपो तक लाया गया। इस डिपो में इन ट्रेनसेट के संचालन और रखरखाव के सभी इंतजाम हैं।
दिल्ली मेट्रो से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
11 मई, 2022 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भैंसाली, मेरठ में आरआरटीएस कॉरिडोर के निर्माण का निरीक्षण किया था और उन्होंने एनसीआरटीसी द्वारा अपनाई जा रही अत्याधुनिक तकनीकों की तारीफ की थी। सीएम योगी ने पूरे कॉरिडोर पर चल रहे काम का जायजा लिया था।
PM मोदी ने दिखाई थी हरी झंडी
20 अक्टूबर, 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरआरटीएस कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाई थी। उन्होंने इस मौके पर उत्तर प्रदेश में साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर तक स्कूली बच्चों के साथ सवारी की थी। 28 फरवरी, 2024 को मेरठ मेट्रो की पहली ट्रेन गाजियाबाद के दुहाई स्थित NCRTC डिपो पर पहुंच गई थी।
इसके बाद 6 मार्च, 2024 को दुहाई से मोदीनगर नॉर्थ के बीच दूसरा चरण शुरू हुआ। इस चरण में ट्रेन के ट्रैक में 17 किलोमीटर का विस्तार हुआ था। 18 अगस्त, 2024 को मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन तक ट्रेन दौड़ने लगी। 5 जनवरी, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक आरआरटीएस कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे ट्रैक का उद्घाटन किया था। इसके जरिए अब लोग दिल्ली से मेरठ 1 घंटे से भी कम वक्त में पहुंच सकते हैं।
11 आरआरटीएस स्टेशन हैं चालू
मौजूदा वक्त में 11 आरआरटीएस स्टेशन चालू हैं। इनमें से दिल्ली में 2, गाजियाबाद में 8 और मेरठ (दक्षिण) में 1। इस तरह नमो भारत ट्रेन 55 किमी की दूरी तय करती है। NCRTC ने कहा है कि यह परियोजना 30,274 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है और जून, 2025 तक पूरी हो जाएगी।