कोविड संक्रमण के सुनामी उफान से निपटने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सात दिन का लॉकडाउन बढ़ा दिया है। लॉकडाउन तीन मई को शाम पांच बजे खत्म होना था। अब यह दस मई तक जारी रहेगा। नए लॉकडाउन के तहत भी वही प्रतिबंध और छूट जारी रहेंगी। इसी के साथ दिल्ली सरकार ने सोमवार से तीसरे चरण के टीकाकरण का भी एलान कर दिया है।
इस बीच कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या में और वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को चार लाख से भी ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए। मरने वालों की संख्या साढ़े तीन हजार से ज्यादा रही।
दिल्ली में दैनिक संक्रमण पिछले 24 घंटो में 27,000 रहे। इस दौरान 375 लोगों की जान गई। यह तेरहवां दिन है जब राजधानी में दैनिक संक्रमण बीस हजार से भी ज्यादा पाए गए हैं।
दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट के जरिए किया। राजधानी में 19 अप्रैल को लाकडाउन हुआ था। यह शुक्रवार को खत्म होना था लेकिन अब यह दस मई तक जारी रहेगा।
दिल्ली में कोविड मरीजों का एक्टिव केस लोड इस वक्त लगभग एक लाख है। पिछले साल नवंबर में यह लगभग 44,000 था। साफ है कि एक्टिव केस लोड में दोगुने से ज्यादा बढ़ोतरी हो चुकी है। अभी ज्यादा दिन नहीं बस दो महीने पहले दिल्ली में दैनिक संक्रमण की संख्या 200 आ रही थी। आज यह लगातार 20,000 का आंकड़ा पार कर रही है।

