New Delhi Police Commissioner Satish Golcha: दिल्ली को नया पुलिस कमिश्नर मिल गया है। 1992 AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नियुक्ति के आदेश दे दिए हैं। जब 2020 में उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगे हुए, तब सतीश गोलचा दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर थे।
कौन हैं सतीश गोलचा?
सतीश गोलचा दिल्ली पुलिस में कई पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस में स्पेशल कमिश्नर (इंटेलिजेंस) के तौर पर भी काम किया है। सतीश गोलचा दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर भी रह चुके हैं और अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी भी रह चुके हैं। अभी तक एसबीके सिंह के पास दिल्ली पुलिस कमिश्नर का एडिशनल चार्ज था। लेकिन 20 अगस्त को सीएम रेखा गुप्ता पर हमला हुआ और उसके बाद उनसे अतिरिक्त चार्ज ले लिया गया। ऐसे में दिल्ली पुलिस को स्थायी कमिश्नर मिल गया है। वर्तमान में सतीश गोलचा तिहाड़ जेल के डीजी है।
गृह मंत्रालय ने दिया आदेश
गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया, “सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से सतीश गोलचा आईपीएस (AGMUT:1992), जो वर्तमान में महानिदेशक (कारागार), दिल्ली के पद पर तैनात हैं, उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली के पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त किया जाता है।”
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले शख्स के खिलाफ दर्ज हैं 9 मामले, मां ने बताया ‘डॉग लवर’
20 अगस्त को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक शख्स ने हमला किया था। आरोपी गुजरात का रहने वाला है और जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उसने रेखा गुप्ता पर हमला किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर की नियुक्ति को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। अब रेखा गुप्ता की सुरक्षा बढ़ाकर जेड कैटेगरी कर दी गई है।