Weather forecast, Monsoon, and Temperature: बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार दोपहर बिजली गिरने से 8 बच्चों की मौत हो गई। हादसा धानपुर गांव के मुसहरी में हुआ। बताया जा रहा है कि जिस वक्त बिजली गिरी बच्चे खुले मैदान में खेल रहे थे। हादसे में 10 बच्चे झुलस गए, जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवार वालों को चार-चार लाख रुपए देने का एलान किया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घायलों को उचित चिकित्सा सहायता मुहैया कराने के लिए उन्होंने निर्देश भी जारी किए हैं।
मालूम हो कि असम के कई इलाकों में बारिश के बाद बाढ़ का पानी भर गया है। यहां आम जन-जीवन ठप हो गया है। असम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है और करीब 54 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। राज्य के 33 में से 28 जिले अब भी भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार और मेघालय में बाढ़ का प्रकोप जारी है। बिहार की कई नदियां-गंडक, बूढी गंडक, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी-विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, केरल में अगले कुछ दिन में दक्षिणपश्चिम मॉनसून के मजबूत होने के साथ ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के तीन जिलों इडुकी, पथानमथिट्टा और कोट्टायम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के एक दो हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और कुछ स्थानो पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में 10 सेंटीमीटर, बुहाना में 7 सेंटीमीटर,नागौर के नावा में 7 सेंटीमीटर, मकराना में 5 सेंटीमीटर, परबतसर में 5 सेंटीमीटर, सीकर के रामगढशेखाटन में 5 सेंटीमीटर, अलवर के कोटकासिम में 5 सेंटीमीटर, सीकर के दांतारामगढ में 5 सेंटीमीटर, झुंझुनूं के मलसीसर में 5 सेंटीमीटर ,जयपुर के आमेर में 4 सेंटीमीटर, भीलवाडा के बिजोलिया में 4 सेंटीमीटर, अलवर के नीमराणा में 4 सेंटीमीटर, सीकर के नीमकाथाना में 4 सेंटीमीटर,झुंझुनूं के नवलगढ में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि आज सुबह से शाम तक श्रीगंगानगर में 3.4 मिलीमीटर, बीकानेर में 0.4 मिलीमीटर, अजमेर-चूरू-जोधपुर में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
असम में बाढ़ के बाद ब्रह्मपुत्र नदी का जल स्तर बढ़ गया था। लेकिन गुवाहाटी में यह थोड़ा कम हुआ। हालांकि पानी का स्तर खतरे के निशान से अभी भी 40-50 सेमी ऊपर है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी।
बिहार में बाढ़ की वजह से जनता को संघर्ष करना पड़ा रहा है। बाढ़ की वजह से मुजफ्फरपुर के अहियापुर आदर्श पुलिस स्टेशन तक पहुंचने के लिए पुलिसकर्मियों सहित स्थानीय लोग नाव का उपयोग कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इसकी तस्वीरें साझा की हैं।
अरुणाचल प्रदेश, असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में दोपहर बाद 5.6 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश
के पूर्वी कामेंग जिले में 10 किलोमीटर की गहराई में था। अधिकारियों ने कहा कि इसमें अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
धानपुर गांव के मुसहरी में बिजली गिरने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। न्यूज एजेंसी ने इसकी तस्वीरें साझा की है।
अरुणाचल प्रदेश, असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में शुक्रवार को दोपहर बाद 5.6 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में 10 किलोमीटर की गहराई में था। रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर बाद करीब 2:52 बजे गुवाहाटी समेत असम के कुछ हिस्सों, नगालैंड के दीमापुर के साथ ही कई अन्य इलाकों में झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इसमें अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि इससे संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
बिहार के बाढ़ प्रभावित मधुबनी स्थित रघौली गांव में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। खास बात यह रही कि महिली की आशा वर्कर की मदद से डिलीवरी करवाई गई। आशा वर्कर निर्मला कुमार ने बताया 'जब मुझे सूचना मिली की महिला प्रेग्नेंट हैं और कभी भी बच्चे को जन्म दे सकती है तो मैं बाढ़ की प्रवाह किए बिना उनके पास पहुंची।'
केरल में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई। मुन्नार इलाके में 61.5 मिमी बारिश हुई। वहीं वाजाथोप में 85.3 मिमी तो थोदूपूझा में 75.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी।
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही हरियाणा और पंजाब में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में शहर के सभी हिस्सों में बारिश हुई। सुबह हुई बारिश का कारण कई मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। कुछ निचले इलाकों में जलभराव की खबरें हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में पिछले 24 घंटे में साढ़े आठ बजे तक 12.1 मिलीमीटर बारिश हुई। दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है।
बिहार के मधुबनी जिले में लगातार बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के बाद बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। बाढ़ के कारण पेयजल का संकट बढ़ गया है।
राजस्थान में कई इलाकों में बारिश हो रही है। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी भाग के कुछ स्थानों और पश्चिमी भाग के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।
असम में बाढ़ का कहर जारी है। राज्य के मोरिगांव में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण सड़क ही बह गई। राज्य में बाढ़ के कारण 28 गांव प्रभावित हुए हैं।
राजस्थान में बारिश के बीच बीकानेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर में 38.9, बाड़मेर—जोधपुर में 38.8—38.8,श्रीगंगानगर में 38.6, अजमेर—कोटा में 36.4—36.4, जयपुर में 35.8, डबोक में 34 और चूरू में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । वहीं राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24.1डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बिहार के 12 जिलों में बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। बाढ़ से प्रभावित इन जिलों में बृहस्पतिवार तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ के कारण 45 लाख 40 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग से बुधवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार के 12 जिलों - शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं कटिहार में अब तक 78 लोगों की मौत हुई है।
केरल और लक्षद्वीप के तट पर रहने वाले मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। उत्तर पश्चिम से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के कारण मछुआरों से ऐसा करने को कहा गया है।
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान झुंझुनूं जिले के खेतड़ी में 12 सेंटीमीटर, भरतपुर के रूपवास में 6 सेंटीमीटर, चूरू के सुजानगढ़ में 6 सेंटीमीटर, हनुमानगढ़ के टिब्बी में 5 सेंटीमीटर, दौसा के महुआ में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
असम में बाढ़ से सबसे अधिक प्रभाव बारपेटा जिले में हुआ है जहां 13.48 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा पूरे राज्य में चार हजार घरों को नुकसान हुआ है। 130 मवेशी बह गए हैं और छोटे बड़े 25 लाख से अधिक पशु प्रभावित हुए हैं। 23 लाख कुक्कुट पालन पक्षी भी प्रभावित हैं। बुलेटिन में कहा गया है कि 2.26 लाख से अधिक विस्थापितों ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए 1,080 राहत शिविरों और 689 राहत वितरण केन्द्रों में शरण लिये हुए हैं।
मेघालय में बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत हो गई। इससे राज्य में मृतक संख्या बढ़कर आठ हो गयी है। बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के उपायुक्त राम कुमार ने बताया कि बाढ़ के पानी में बह जाने से एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि महेंद्रगंज के फकीरपारा में एक बुजुर्ग महिला डूब गई। वहीं शहर के ही दासपारा में एक नवजात ने दम तोड़ दिया। गारो हिल्स जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है।
बिहार में बाढ़ प्रभावित 12 जिलों में कुल 130 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं जहां एक लाख 13 हजार से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। उनके भोजन की व्यवस्था के लिए 1119 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 26 टीमें तैनात की गई हैं तथा 125 मोटरबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून मजबूत हो गया है। राज्य के इर्नाकुलम जिले में भीषण बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि जिलों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान है। अन्य जिलों के लिए यद्यपि रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है लेकिन इनमें भी भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। रेड अलर्ट को तत्काल रक्षात्मक कदम उठाने की चेतावनी माना जाता है।