दिल्ली में जी20 समिट की तैयारी जोरों पर चल रही है, कई विदेशी मेहमान राजधानी में आने वाले हैं। अब उस बड़े कार्यक्रम से पहले देश विरोधी तत्वों ने राजधानी में माहौल खराब करने की साजिश शुरू कर दी है। दिल्ली के पांच मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर खालिस्तान जिंदाबाद वाले नारे लिखे गए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि ये हरकत खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस ने की है।
कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें सिख फॉर जस्टिस के ही कार्यकर्ता दिखाई पड़ रहे हैं। उनकी तरफ से ही दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर इस तरह के देश विरोधी नारे लिखे गए हैं। एक जारी बयान में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि जी20 समिट से पहले सिख फॉर जस्टिस संगठन ने एक फुटेज शेयर किया है, जिसमें दिल्ली मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए हैं। स्टेशन पर उस समय SJF के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
अब ये कोई पहली बार नहीं है जब खालिस्तानी साजिश दिखी हो, दिल्ली में इससे पहले भी ऐसे पोस्टर देखे जा चुके हैं। कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है, लेकिन समय-समय पर ये संगठन सिर उठाता रहता है। अमृतपाल की गिरफ्तारी के दौरान भी खालिस्तान अचानक से काफी सक्रिय हो गया था। उसकी तरफ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा था। लेकिन पहले भी खालिस्तानी गतिविधियों को रोकने का काम किया गया था, अब दिल्ली पुलिस भी सख्त एक्शन लेने की बात कर रही है।
वैसे जिस गुरप्रीत पन्नू पर खालिस्तानी गतिविधियों को हवा देने का आरोप है, उस पर पहले से ही कई केस दर्ज चल रहे हैं। गौरतलब है कि जुलाई 2020 में भी गुड़गांव पुलिस ने गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया था। उस दौरान पन्नू ने कथित तौर पर एक सोशल मीडिया क्लिप जारी किया था, जिसमें उसने हरियाणा सरकार और राज्य के लोगों को “सिखों और पंजाबियों के हितों के प्रतिकूल” होने का आरोप लगाया था।