New Delhi Election Result 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने लगातार तीसरी बार जबरदस्त जीत हासिल की है। जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने लोगों का शुक्रिया अदा किया। केजरीवाल ने पार्टी कार्यालाय के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली वालों आपने गजब कर दिया। आई लव यू। आपने अपने बेटे पर भरोसा किया है।

केजरीवाल ने कहा कि ये दिल्ली उस परिवार की जीत है जिन्होंने मुझे अपना बेटा मान कर जबरदस्त जीत दी। उन्होंने कहा कि यह उन लोगों की जीत है जिनको 24 घंटे बिजली मिलने लगी है। जिनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी है। जिनके लोगों का दिल्ली में अस्पतालों में अच्छा इलाज होने लगा है।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आज एक नई किस्म की राजनीति को जन्म दिया है। जिसका नाम काम की राजनीति, दिल्ली के लोगों ने अब संदेश दे दिया कि वोट उसी को, जो स्कूल बनवाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत उसी की जो मोहल्ला क्लिनिक बनवाएगा। दिल्ली के लोगों ने संदेश वोट उसी को जो 24 घंटे बिजली देगा, जो सस्ती बिजली देगा, जो घर-घर को पानी देगा।

सीएम ने  कहा कि लोग उसे ही जिताएंगे जो मोहल्ले में सड़क बनवाएगा। उन्होंने कहा कि आज एक नई किस्म की राजनीति की शुरुआत, जो देश के लिए बहुत शुभ संदेश है। यही राजनीति हमारे देश को 21वीं शताब्दी में ले जा सकती है। ये भारत माता की जीत है। ये पूरे देश की जीत है।

हनुमान जी दिशा दिखाते रखेंः मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मंगलवार है। हनुमान जी का दिन है। हनुमान जी ने आज अपनी दिल्ली पर कृपा बरसाई है। हनुमान जी का धन्यवाद, अब प्रभु से यहीं कामना करते हैं हमें दिशा दिखाते रहें, हमें शक्ति दे, अगले पांच साल भी दिल्ली के दो करोड़ लोग अपनी दिल्ली को एक बहुत ही अच्छा और सुंदर शहर बना सकें। मैं सभी दिल्ली वासियों का शुक्रिया अदा करता हूं, कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करता हूं। कार्यकर्ताओं ने रात दिन मेहनत की। उन्होंने खूब सपोर्ट किया

नई दिल्ली सीट से निर्णायक बढ़तः अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से 18 हजार से अधिक मतों से निर्णायक बढ़त बना रखी है। यहां से भाजपा ने सुनील कुमार यादव को खड़ा किया था। जबकि कांग्रेस ने रोमेश सभरवाल को उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर रही।

वाइफ के जन्मदिन का किया जिक्रः केजरीवाल ने अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में अपनी पत्नी के जन्मदिन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज उनकी पत्नी का जन्मदिन भी है। इसके बाद जनता की तरफ से बधाइयां दी जाने लगी। इस पर केजरीवाल की पत्नी ने सिर झुकाकर लोगों का अभिवाद किया।

केजरीवाल ने कहा कि मैंने तो केक खा लिया। अब आप लोगों को भी खिलाएंगे। दिल्ली के लोगों ने बड़ी उम्मीदों से, इतनी सीटें दी हैं। उन्होंने कहा कि अब हम सब मिलकर करेंगे। सब लोग तैयार हैं। केजरीवाल ने अपने संबोधन का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे के साथ किया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर पूरा कवरेज, दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के लाइव अपडेट, विश्लेषण, सीटवार र‍िजल्‍ट…सब कुछ Jansatta.com पर।