कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज दिल्ली के जंगपुरा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह पीएम मोदी की सरकार नहीं है। यह अडानी, अंबानी की सरकार है।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आप की सरकार पर जनता के पैसे अपनी मार्केटिंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग आपकी जेब से पैसे निकालकर अपनी मार्केटिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी सिर्फ झूठ फैला रही हैं।
रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि “देश का युवा बेरोजगार है। पूरी दुनिया भारत की तरफ देख रही है और चीन के सामने भारत को खड़ा होते देखना चाहती है, लेकिन हमारे पीएम में लोगों को रोजगार देने का दम नहीं है।”
राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में जो विकास हुआ कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ। मेट्रो बनीं, फ्लाइओवर बनें, कांग्रेस सरकार में शीला दीक्षित सरकार ने बनवाए। मोदी सरकार ने रोजगार का वादा किया, नहीं मिला। अरविंद केजरीवाल ने भी रोजगार की दिशा में कोई काम नहीं किया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि देश के किसानों, बेरोजगारों का पैसा उनकी जेब से निकालकर 15 लोगों को दे दिए। राहुल गांधी ने कहा कि ये देश प्यार का देश है। धर्म के नाम पर हिंसा फैलायी जा रही है।
बता दें कि जंगपुरा सीट से कांग्रेस के टिकट पर तलविंदर सिंह मारवाह चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका सामना आप के प्रवीण कुमार और भाजपा के सरदार इमरित सिंह बख्शी से है। फिलहाल जंगपुरा सीट पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है। दिल्ली चुनावों के लिए 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वहीं 11 फरवरी को चुनाव नतीजों का ऐलान होगा।

