दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक बुजुर्ग महिला की हत्या और उसके शव को नहर में फेंकने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। दंपति ने 75 साल की महिला कविता ग्रोवर से 1 लाख रुपये का कर्ज लिया था और उसे वापस नहीं कर पा रहे थे। जिसके बाद उन्होंने उसकी हत्या कर दी और तेज धारदार हथियार से लाश के टुकड़े करके फेंक दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी संतोष मीणा ने कहा कि अनिल आर्य और उसकी पत्नी तनु ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और पुलिस को बताया है कि उन्होंने शव को नजफगढ़ नाले में फेंकने से पहले कई टुकड़ों में काटा था, शव 3 बैगों में भरकर फेंका गया था। महिला की हत्या के तीन चार दिन बाद दंपति अपने घर उत्तराखंड चले गए थे। द्वारका डीसीपी के मुताबिक, 7 जुलाई से ही बुजुर्ग महिला कविता ग्रोवर अपने घर से गायब थीं। जिसके बाद उसके परिवार वालों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
मामले की जांच करते हुए पुलिस को पता चला कि महिला के पड़ोस में रहने वाले दंपति गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दंपति को खोजकर हिरासत में लिया आरोपी एक इवेंट मैनेजमेंट अधिकारी है, उसने पुलिस को बताया कि महिला लगातार अपने पैसे वापस करने के लिए कह रही थी लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे।
ऐसे में दोनों ने बुजुर्ग महिला की हत्या की योजना बनाई और जब महिला घर पर अकेली थी तो दोनों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना को आधार बनाते हुए दंपति को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पहले तो दोनो ने पुलिस को गुमराह किया लेकिन पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो दंपति ने जुर्म कबूल कर लिया। आपको बता दें कि दंपति उसी महिला के पड़ोसी हैं जिसकी उन्होंने हत्या की है। पुलिस ने 75 वर्षीय महिला का शव नहर से बरामद कर लिया है।