नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव परिणाम आ गये हैं। सचिव (प्रशासन) पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव हुए। सचिव (प्रशासन) पद पर भाजपा सांसद राजीप प्रताप रूडी और पूर्व सांसद संजीव बालियान के बीच मुकाबला था। राजीव प्रताप रूडी ने संजीव बालियान को करीब 100 वोटों के अंतर से हरा दिया। रूडी इसके पहले इसी पद पर चार बार निर्विरोध चुने गये थे।

रूडी बनाम बालियान के मुकाबले को भाजपा के अंदर शक्ति परीक्षण के रूप में देखा जा रहा था। भाजपा सांसद निशिकान्त दुबे ने खुलकर संजीव बालियान का समर्थन किया था। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गुट अन्दरखाने संजीव बालियान का समर्थन कर रहा था। वहीं, रूडी को विपक्षी दलों के सांसदों का अंदरूनी समर्थन प्राप्त था।

नई दिल्ली के संसद मार्ग पर स्थित कांस्टिट्यूशन क्लब के सदस्य वर्तमान और पूर्व सांसद होते हैं। भारत का संविधान तैयार करने वाली संविधान सभा ने जिस भवन में बैठक की उसे ही कांस्टिट्यूशन क्लब के रूप में परिवर्तित किया गया।

कास्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में 707 सदस्यों ने किया मतदान

मंगलवार (12 अगस्त) को हुए मतदान में कुल 707 सदस्यों ने वोट डाले थे। इनमें से 669 वोट मतपत्र से दिये गये और वोटिंग के माध्यम से और 38 वोट पोस्टल बैलट के माध्यम से डाले गए थे। कुल 26 राउंड तक वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित हुए।

सचिव पद के लिए चुनाव 20 साल बाद हो रहा था। ऐसे में इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई थी। संजीव बालियान आखिरी समय में उम्मीदवार बने। इसके पहले राजीव प्रताप रूडी चार बार निर्विरोध इस पद पर जीत चुके थे। दोनों नेताओं ने जमकर प्रचार किया और सांसदों ने पार्टी लाइन से हटकर वोटिंग की।

दिल्ली-NCR के पुराने वाहन मालिकों को सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी राहत

चुनाव में करीब 1200 सांसद और पूर्व सांसद वोटर

कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव में करीब 1200 सांसद और पूर्व सांसद वोटर हैं। इस बार भी 60 फ़ीसदी से अधिक वोटिंग हुई है। बता दें कि चुनाव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी मतदान किया।