जम्मू कश्मीर में बर्फबारी के कारण दिल्ली में अचानक पारा गिर गया। इसके साथ दिल्ली में कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वहीं पड़ोसी राज्यों में ठंड के प्रकोप से कई लोगों के मरने की बात सामने आई है। उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में जबरदस्त ठंड देखने को मिली है।

दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। आज दिल्ली में लगातार लुढ़कते पारे के साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। यहां शनिवार  को आयानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.9 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं लोधी रोड में पारा 1.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग में तापमान 2.4 डिग्री पर पहुंच गया। इस भीषण ठंड में लोगों का घर से निकलना मुहाल हो गया है। जगह- जगह लोग अलाव जलाकर ठंडी काम करने की कोशिश कर रहे हैं।

Live Blog

Highlights

    16:52 (IST)28 Dec 2019
    दिल्ली में शनिवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन

    राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार (28 दिसंबर) को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा जिससे दृश्यता कम हो गई और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा।

    16:43 (IST)28 Dec 2019
    श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज, नये साल से पहले कश्मीर में हो सकती है बर्फबारी

    जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों और लद्दाख में शनिवार (28 दिसंबर) को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा। श्रीनगर में पिछली रात सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई जहां तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लद्दाख के लेह और द्रास में न्यूनतम तापमान क्रमश: माइनस 19.1 डिग्री और माइनस 28.6 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया।

    15:38 (IST)28 Dec 2019
    राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर

    राजस्थान के कई हिस्से भी शीतलहर की चपेट में हैं। सीकर जिले के फतेहपुर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे रहा। सीकर, चुरू और पिलानी में यह शून्य के काफी करीब रहा।
    गंगानगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, जयपुर में चार डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 4.4, कोटा में 4.6 और जैसलमेर में 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

    13:49 (IST)28 Dec 2019
    जम्मू कश्मीर में सबसे सर्द रात दर्ज

    क्षेत्रीय मौसम कर्यालय के मुताबिक जम्मू कश्मीर में श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। उत्तर कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बीती रात शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया जो एक रात पहले के शून्य से 11.2 डिग्री नीचे के तापमान से कुछ अधिक है।

    13:00 (IST)28 Dec 2019
    901 के बाद से दूसरा सबसे ठंडा महीना- मौसम विभाग

    मौसम विभाग के मुताबिक इस साल दिसंबर का महीना 1901 के बाद से दूसरा सबसे ठंडा महीना है। प्रतिकूल मौसम के चलते उत्तर भारत में 24 ट्रेनें विलंब हुई हैं। उत्तर भारत के कई हिस्से पिछले हफ्ते से गंभीर शीत लहर की स्थिति का सामना कर रहे हैं।

    12:06 (IST)28 Dec 2019
    फ्लाइट समेत कई ट्रेन रद्द

    दिल्ली में मौसम के हालात को देखते हुए कई फ्लाइट और ट्रेन रद्द हुई हैं। बता दें कि 24 ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं सड़क यातायात पर भी इसका असर पड़ा है। 

    12:02 (IST)28 Dec 2019
    हिमाचल के भुंतर में था -1.3 डिग्री सेल्सियस तापमा

    शमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शुक्रवार (27 दिसंबर) को राज्य में मौसम शुष्क और ठंडा रहा। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। सुंदरनगर में (-2.2 डिग्री सेल्सियस), कुफ्री में (-1.6 डिग्री सेल्सियस), सोलन में (-1.4 डिग्री सेल्सियस) मनाली में (-1.3 डिग्री सेल्सियस) और भुंतर में (-1.3 डिग्री सेल्सियस) तापमान दर्ज किया गया।

    11:42 (IST)28 Dec 2019
    हिमाचल में हो सकती भारी बर्फबारी

    मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मध्यम और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में 31 दिसंबर से दो जनवरी के बीच बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। शिमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शुक्रवार (27 दिसंबर) को राज्य में मौसम शुष्क और ठंडा रहा। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

    11:19 (IST)28 Dec 2019
    नए साल से पहले दिल्ली में बढ़ी अचानक ठंड

    नए साल के शुरु होने से पहले ही दिल्ली में कड़ाके की ठंड देखने को मिला है। ठंड की तस्वीरे जारी कर लोगों ने मौसम का हाल बताया है। 

    11:08 (IST)28 Dec 2019
    हिमाचल का केलांग सबसे ठंडा इलाका, शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा तापमान

    हिमाचल प्रदेश के कुफ्री, मनाली, सोलन, भुंतर, सुंदरनगर और कल्पा में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है जबकि केलांग शून्य से नीचे 15 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने राज्य के मध्यम और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में 31 दिसंबर से दो जनवरी के बीच बर्फबारी होने का अनुमान जताया है।

    11:05 (IST)28 Dec 2019

    उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के कारण बद्रीनाथ मंदिर बर्फ की चादर से ढक गया। बता दें कि इलाके में ताजा बर्फबारी से पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई है। 

    11:00 (IST)28 Dec 2019
    दिल्ली में शनिवार सुबह 6:10 बजे तापमान 2.4° सेल्सियस

    दिल्ली में शनिवार सुबह 6:10 बजे तापमान 2.4° सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शुक्रवार सुबह दिल्ली का तापमान 4.2° सेल्सियस दर्ज किया गया था।