दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण से पहले कहा था कि वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास को म्यूजियम बनाएंगी। उन्होंने पहले भी कहा था और एक बार फिर साफ तौर पर कह दिया है कि वह ‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शीशमहल’ का इस्तेमाल जनता के हित में ही किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इसे नीलाम भी किया जा सकता है।

न्यूज 24 को दिए एक इंटरव्यू में रेखा गुप्ता ने ‘शीशमहल’ को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाव में कहा, ‘जनता के हित में उस प्रॉपर्टी का इस्तेमाल करेंगे। बहुत सारे विकल्प आ रहे हैं, जनता सुझाव देती है। जैसे इसे स्टेट गेस्ट हाउस बना दिया जाए क्योंकि दिल्ली का अपना कोई स्टेट गेस्ट हाउस नहीं है। ऐसा भी मन में है कि इसकी नीलामी करा दी जाए और जितना पैसा मिलेगा उसे वापस सरकारी खजाने में जमा करा दिया जाए। हम ऐसा भी सोचते हैं कि इसको जनता के लिए खोल दिया जाए, लोग आएं और देखें। कुछ भी संभव है। हम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।’ इससे पहले रेखा गुप्ता यह भी कह चुकी हैं कि शीशमहल को म्यूजियम बनाने पर भी विचार चल रहा है।

‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी सीएम रेखा गुप्ता

सीएम रेखा ने इंटरव्यू के दौरान साफ कहा कि वह ‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा, “शीशमहल रहने लायक नहीं है, हमारी आत्मा यह गवाही नहीं देती है। यह जनता को नोंचकर पैसा इकट्ठा किया गया और महल बनाया गया, उस घर में रहना संभव नहीं है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपने शालीमार बाग स्थित पुराने घर में ही रह रही हैं और वहीं से अपना ऑफिस चला रही हैं। सीएम ने कहा कि यह छोटा है क्योंकि अब लोग ज्यादा आने लगे हैं। ऐसे में गली में ही टेबल चेयर लगा लेते हैं। जब सरकारी घर मिलेगा तब मिलेगा, तब तक अपने घर से काम चल रहा है।

‘शीशमहल’ के अलावा रेखा गुप्ता के सामने ये हैं 3 विकल्प

कहां रहेंगी दिल्ली की नई CM?

वहीं, दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तीन विकल्पों को चुना है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से दो आलीशान बंगले सेंटर दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर स्थित हैं, जहां दिल्ली बीजेपी का कार्यालय और बीजेपी का राष्ट्रीय मुख्यालय भी है। तीसरा बंगला उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस में राजपुर रोड पर है। अधिकारियों ने बताया कि इन बंगलों की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद ही विकल्प के तौर पर इन तीनों को चुना गया है।

एचटी की खबर के मुताबिक, PWD के एक अधिकारी ने बताया कि इन बंगलों को अभी सिर्फ चुना गया है, फाइनल नहीं किया गया है। ये विकल्प नई मुख्यमंत्री को दिखाए जाएंगे, हो सकता है कि वह खुद इन बंगलों को देखने जाएं और किसी एक को फाइनल करें। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की मंजूरी के बाद सीएम को बंगला आवंटित किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि सीएम कब तक घर फाइनल करेंगी। पढ़ें- CM रेखा गुप्ता के सरकारी आवास को लेकर बड़ी जानकारी आई सामने