CM Rekha Gupta Attack News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके सिविल लाइंस आवास पर जन सुनवाई के दौरान हमला किया गया। हमलावर कथित तौर पर शिकायतकर्ता के वेश में उनके कैंप ऑफिस में घुसा। पार्टी सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि सुबह 8 बजे शुरू होने वाली बैठक के दौरान शिकायत लेकर उनके पास आने वाले व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी राजेश भाई किमजी भाई सकारिया राजकोट का रहने वाला है। उसे पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी लाइन में था और उसने मुख्यमंत्री को कुछ अदालती कागजात दिखाए। इसके बाद उस व्यक्ति ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारा, जिसके बाद उनकी सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को बुलाया गया और उस व्यक्ति को पकड़ लिया गया।”
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “देखिए पहली बात तो यह है कि यह बहुत ही गलत हुआ, जन सुनवाई पर सब का हक है। एक बहरुपिया आज उनको थप्पड़ मार सकता है तो यह बहुत ही बड़ी बात है। वो अपनी कोई बात बता रहे थे और बात बताते वक्त ही तुरंत उन्होंने थप्पड़ मार दिया। जो कि बिल्कुल गलत है। उसको पुलिस तुरंत ही लेकर चली गई। अरेस्ट करने के बाद उसे पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।” वहीं एक अन्य चश्मदीद शैलेंद्र कुमार ने कहा, “मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जब मैं गेट पर पहुंचा, तो अफरा-तफरी मच गई क्योंकि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया। यह गलत है।”
मनजिंदर सिंह सिरसा ने हमले की निंदा की
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “मैं जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। वह दिन-रात दिल्ली की चिंता करती हैं। यह विरोधियों की साजिश है, उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा कि एक मुख्यमंत्री घंटों जनता के बीच रहे, अपने आवास पर लोगों से मिले। इसलिए, इसके पीछे एक राजनीतिक साजिश लग रही है। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।”
सीएम रेखा पर हमले को आप ने बताया गलत
आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
दिल्ली की विपक्ष की नेता और आप नेता आतिशी ने ट्वीट किया, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध के लिए जगह है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली सीएम पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की भी पोल खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो एक आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “यह बहुत दुखद है; राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। लेकिन भाजपा हिंसा की जननी है। लोग भाजपा से नाराज हैं। जिसने भी यह किया है उसकी जांच होनी चाहिए। लेकिन, जैसा कि भाजपा कहती थी, जब अरविंद केजरीवाल पर हमला होता था, तो वे दावा करते थे कि उन्होंने खुद यह किया है। इसलिए अब आपको खुद देखना होगा कि यह एक दुर्घटना थी या उन्होंने इसे करवाया। लेकिन मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं। अगर यह हमला हुआ है, तो मैं निश्चित रूप से इसकी निंदा करता हूं और चाहता हूं कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो।” रेखा गुप्ता के साथ जनसुनवाई में क्या हुआ?