दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। भारतीय जनता पार्टी ने यह जानकारी दी। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री पर हमला करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

भाजपा की दिल्ली इकाई ने एक संदेश में यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीएम गुप्ता पर लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति ने हमला किया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने जन सुनवाई के दौरान पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज दिए और फिर उन पर हमला कर दिया।

सीएम रेखा पर हमले पर क्या बोलीं आतिशी?

वहीं, दिल्ली की पूर्व सीएम और आप नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पढ़ें- दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की कोशिश

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सीएम पर हमले की जानकारी देते हुए कहा, “आज सुबह जनसुनवाई के दौरान, मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज़ दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने लगा। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई, लोगों ने उसे पकड़ लिया। वह कौन है, और अन्य सभी विवरणों की पुलिस जांच कर रही है। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है।”

रेखा गुप्ता पर हमले पर कांग्रेस का रिएक्शन

मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिलाओं की सुरक्षा की भी पोल खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो एक आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”

सीएम पर थप्पड़ या पत्थरबाज़ी की कहानियां मनगढ़ंत- दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

सचदेवा ने आगे कहा, “डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। मैं उनसे मिला हूं, वह एक मज़बूत महिला हैं। ऐसा लगता है कि उनके सिर पर हल्की चोट लगी है। थप्पड़ या पत्थरबाज़ी की कहानियां मनगढ़ंत हैं। राजनीति में ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं। जनसुनवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री अभी आराम कर रही हैं लेकिन उन्होंने कहा है कि वह अपने कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी।”

दिल्ली पुलिस ने हमलावर को किया गिरफ्तार

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “मैं जनसुनवाई के दौरान सीएम पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। वह दिन-रात दिल्ली की चिंता करती हैं। यह विरोधियों की साजिश है, वे बर्दाश्त नहीं कर सकते कि एक सीएम घंटों जनता के बीच रहे, अपने आवास पर लोगों से मिले इसलिए इसके पीछे एक राजनीतिक साजिश लगती है। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी तथ्य सामने आएंगे।” वहीं, दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता पर मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पढ़ें- दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की नेट वर्थ