दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी सोमवार को सीएम आवास में शिफ्ट हुईं। इससे पहले अरविंद केजरीवाल सिविल लाइंस स्थित इस बंगले में नौ साल से रह रहे थे। आतिशी के सिविल लाइंस में फ्लैगशिप रोड पर बंगला नंबर-6 में रहने के लिए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने बुधवार को आरोप लगाया कि यह अभी तक उन्हें आवंटित नहीं किया गया है। आप ने भारतीय जनता पार्टी पर बंगले को हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
आतिशी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा बंगला खाली किए जाने और लुटियंस दिल्ली में एक नए आवास में चले जाने के बाद सोमवार को बंगले में रहना शुरू कर दिया। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिन में भाजपा ने कई अफवाहें फैलायीं और आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीत नहीं पायी है इसलिए वह अब दिल्ली के मुख्यमंत्री का बंगला हड़पने की कोशिश कर रही है। आप नेता ने दावा किया, ‘‘केजरीवाल ने बंगला खाली कर दिया था लेकिन इसे आतिशी को आवंटित नहीं किया जा रहा है और मुख्यमंत्री का कैम्प कार्यालय भी खाली कर दिया गया है।’’ उन्होंने केजरीवाल के बंगला खाली करने से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए।
बीजेपी का आरोप- PWD को बंगला सौंपा नहीं गया
वहीं, भाजपा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक पत्र को साझा करते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के पिछले हफ्ते बंगला खाली करने के बाद PWD को बंगला सौंपा नहीं गया है और इसकी चाबियां केजरीवाल के पास हैं। जिसमें पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि आतिशी को अभी तक आधिकारिक तौर पर आवास आवंटित नहीं किया गया है, जबकि उन्होंने सीएम कार्यालय को पत्र लिखा था और कहा था कि सिविल लाइंस आवास की चाबियां उनके कब्जे में नहीं थीं।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री अवैध रूप से यहां आई हैं और उन्होंने पीडब्ल्यूडी से पुलिस की मदद से घर को अपने कब्जे में लेने का आग्रह किया है।
CM आवास में शिफ्ट हो रहीं आतिशी, 3 दिन पहले ही केजरीवाल ने खाली किया बंगला
दिल्ली में नहीं है कोई आधिकारिक मुख्यमंत्री निवास
आतिशी जो कालकाजी से आप विधायक हैं, उन्हें आधिकारिक तौर पर AB-17, मथुरा रोड आवंटित किया गया था जब वह पहली बार मार्च 2023 में दिल्ली सरकार में मंत्री बनीं। आम आदमी पार्टी ने एक बयान में कहा, “पीडब्ल्यूडी ने 6 अक्टूबर को आधिकारिक सीएम आवास की चाबी मुख्यमंत्री आतिशी को सौंप दी है। विभाग ने ऐसा करते समय उचित प्रक्रिया और प्रोटोकॉल का पालन किया है।”
गौरतलब है कि अधिकांश अन्य राज्यों के उलट दिल्ली में कोई आधिकारिक मुख्यमंत्री निवास नहीं है और शहर के शीर्ष निर्वाचित कार्यालय के पिछले अधिकारी विभिन्न स्थानों पर रहते रहे हैं।
(Input- Bhasha)
