दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को एक वीडियो बयान जारी कर लोगों से उनके लिए आशीर्वाद और शुभकामना संदेश देने की अपील की। उन्होंने लोगों के लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया और अपील की कि वे इस नंबर पर अपना संदेश भेज सकते हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉंड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं। उन्हें 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था।

सुनीता केजरीवाल बोलीं- कोर्ट के सामने बोलने के लिए हिम्मत चाहिए

वीडियो बयान में उन्होंने कहा, “…हम आज से एक अभियान शुरू कर रहे हैं – केजरीवाल को आशीर्वाद। आप इस नंबर पर केजरीवाल को अपना आशीर्वाद और प्रार्थना भेज सकते हैं…।” सुनीता केजरीवाल ने कहा, “कल कोर्ट में अरविंद जी ने अपना पक्ष रखा। आप सबने सुना होगा। अगर नहीं सुना है तो एक बार उसको प्लीज जरूर सुन लें। जो कुछ उन्होंने कोर्ट के सामने बोला, उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए। सच्चे देशभक्त हैं वो, बिल्कुल ऐसे ही हमारे स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों की तानाशाही के खिलाफ लड़ते थे। पिछले 30 साल से मैं उनके साथ हूं। देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी है।”

उन्होंने कहा, “अरविंद जी ने देश की सबसे ताकतवर, भ्रष्टाचारी और तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद जी को अपना भाई, बेटा माना है। क्या आप अपने बेटे को साथ नहीं देंगे? हमें पूरा विश्वास है, हम सब मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे।” उन्होंने लोगों से अपने आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक के लिए अपने आशीर्वाद, प्रार्थनाएं या अन्य कोई संदेश भेज सकते हैं और वह अपने पति तक उन्हें पहुंचा देंगी। अरविंद केजरीवाल की ईडी की हिरासत में रहने की अवधि को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने एक अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी है।

अरविंद केजरीवाल के अलावा दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय भी इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं और इस समय जेल में हैं।