Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार(18 सितंबर) को राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में केजरीवाल ने AAP के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने आप नेताओं के ठिकानों पर केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी, दिल्ली में ऑपरेशन लोटस से लेकर और फ्रीबीज के मामलों पर भाजपा पर निशाना साधा।
अपने संबोधन के शुरुआत में केजरीवाल ने कहा, “देश का संविधान कई महीनों काम करने के बाद बनाया गया और 26 नवंबर 1949 को देश का संविधान को लागू हुआ। अगले 60 सालों में तमाम राजनीतिक दलों और नेताओं ने संविधान के चीथड़े उड़ा दिए। उसकी बेइज्जती करने की नेताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी। ऐसे में भगवान को बीच में आना पड़ा।”
केजरीवाल ने कहा, “63 साल बाद 26 नवंबर 2012 को देश के संविधान को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी का गठन हुआ।” केजरीवाल ने कहा कि 20 राज्यों में आज आप के 1446 जनप्रतिनिधि हैं। इसमें एमपी, एमएलए, जिला पंचायत सदस्य सब हैं। 20 राज्यों में भगवान ने आप के बीज बो दिए हैं, आगे ये पेड़ बनेंगे। दिल्ली और पंजाब में आप का बीज पेड़ बन चुका है। लोगों को खुशी दे रहा है। अब गुजरात में भी आप का बीज पेड़ होने जा रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की चार बातें लोगो को पसंद आ रही हैं। इसमें AAP की ईमानदारी, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और फ्रीबीज है। उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति में आप द्वारा फ्री की रेवड़ी लाई गई लेकिन ये चीज अन्य दलों से न तो निगलते बन रही है और न ही उगलते।
केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों का कहना है कि फ्री की चीजें देने से सरकार पर बोझ बढ़ेगा, कर्ज हो जाएगा। गुजरात और पंजाब ने कुछ फ्री नहीं दिया लेकिन फिर भी उनपर साढ़े 3 लाख करोड़ का कर्ज है। दिल्ली में भी लोगों को फ्री की चीजें दी जा रही हैं, फिर भी कर्ज नहीं है।
केजरीवाल ने कहा कि फ्री की रेवड़ी पर जो नेता सवाल खड़े करे कि यह नहीं होना चाहिए, वो बेइमान और भ्रष्ट हैं। वो नेता गद्दार है। ये सब मिलकर आम आदमी पार्टी को कुचलना चाहते हैं। केजरीवाल ने कहा कि आप के 169 नेताओं पर मुकदमे लादे गए और उनमें से 135 बाइज्जत बरी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अन्य जो बचे भी हैं, उसमें किसी को भी सजा नहीं हुई है।