दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम धमाके को लेकर देश भर में सुरक्षा एजेंसी सतर्क हैं। इस मामले को लेकर हरियाणा और कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में जांच भी शुरू हो गई है। इसी बीच पूर्वोत्तर राज्य में भी इस हमले का असर देखने को मिलने लगा है। असम में इस घटना को लेकर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम हिमंत ने पोस्ट करते हुए सख्त लहजों में कहा है कि हिंसा का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ समझौता नहीं किया जा सकता। साथ ही इस बात की जानकारी दी है कि दिल्ली में हुए बम धमाके को लेकर असम पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। दरअसल 12 नवंबर को 6 लोग गिरफ्तार किए गए थे, जिसके बाद आज रात में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हिंसा का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ समझौता नहीं
उन्होंने लिखा है, “दिल्ली विस्फोटों के बाद आपत्तिजनक सोशल-मीडिया पोस्ट के संबंध में पूरे असम में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कल की गई 6 गिरफ्तारियों के अलावा, रात भर में हमने निम्नलिखित लोगों को भी गिरफ्तार किया है: 1. रफीजुल अली (बोंगाईगांव) 2. फ़ोरिद उद्दीन लस्कर (हैलाकांडी) 3. इनामुल इस्लाम (लखीमपुर) 4. फिरोज अहमद पापोन (लखीमपुर) 5. शाहिल शोमन सिकदर शाहिदुल इस्लाम (बारपेटा) 6. रकीबुल सुल्तान (बारपेटा) 7. नसीम अकरम (होजई) 8. तस्लीम अहमद (कामरूप) 9. अब्दुर रोहिम मोल्ला बप्पी हुसैन (दक्षिण सलमारा) असम पुलिस हिंसा का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ समझौता नहीं करती है।”
जम्मू-कश्मीर से दो मौलवी गिरफ्तार, परिवार बोला- कभी नमाज के अलावा उन्हें कुछ करते नहीं देखा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 10 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली पूरी तरह दहल गई। जब शाम के करीब 7 बजे लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास कार में एक जोरदार बम धमाका हुआ। जिसके बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इस बम धमाके में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बहुत से लोग घायल हैं। घायलों का इलाज लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में किया जा रहा है। कल यानी 12 नवंबर को पीएम मोदी ने अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की थी और उनके जल्दी ही स्वस्थ होने की कामना की थी।
