दिल्ली बीजेपी नेता और पश्चिमी दिल्ली भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह बावा की लाश सुभाष नगर के झील वाले पार्क में ग्रिल से लटकी मिली। पुलिस को शक है कि गुरविंदर ने ख़ुदकुशी की है। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली के हरिनगर इलाके के फ़तेह नगर ब्लॉक में रहने वाले गुरविंदर सिंह बावा पश्चिमी दिल्ली भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष थे। गुरविंदर पेशे से वकील भी थे। सोमवार शाम को 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष नगर के झील वाले पार्क में एक लाश ग्रिल से लटकी पड़ी है। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि मृतक दिल्ली भाजपा के नेता गुरविंदर सिंह हैं। गुरविंदर सिंह के बेटे इशविंदर सिंह ने ही उनकी शिनाख्त की।

हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लेकिन पुलिस इसको ख़ुदकुशी का मामला ही मान रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए DDU हॉस्पिटल भेज दिया है. गुरविंदर के दोनों बेटों के अनुसार उनके पिता घर में झगड़ा होने की वजह से नाराज होकर बाहर चले गए थे। गुरविंदर सिंह अपने दोनों बेटों के साथ ही रहते थे। उनका एक बेटा प्राइवेट नौकरी करता है तो दूसरा बेटा तीस हजारी कोर्ट में वकील है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गुरविंदर सिंह पश्चिमी दिल्ली के इलाके में काफी लोकप्रिय थे। गुरविंदर सिंह की मौत की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा नेताओं और लोगों ने शोक व्यक्त किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी गुरविंदर सिंह बावा की मौत पर शोक जताया।