आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी 2020 को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने से पहले अपने संभावित कैबिनेट मंत्रियों के लिए डिनर का आयोजन किया है जिसमें दिल्ली के विकास के खाके पर और नई सरकार की रूपरेखा पर महामंथन के आसार हैं। कहा यह भी जा रहा है कि इस मीटिंग में आने वाले तीन महीनों में सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार ‘आप’ प्रमुख केजरीवाल अपने संभावित मंत्रियों के साथ उन पहलों पर चर्चा करेंगे जिन्हें प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बैठक में दिल्ली को एक वैश्विक शहर बनाने के मकसद से खाका तैयार करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
आप के नेता गोपाल राय ने बताया कि पीएम मोदी के साथ पार्टी ने दिल्ली से भाजपा के 8 विधायकों और 7 सांसदों, भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों तथा तीनों पार्टियों के सभी निगम पार्षदों को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है।
केजरीवाल रविवार सुबह 10 बजे अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ शपथ ग्रहण करेंगे।आप ने 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में 62 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि भाजपा ने आठ सीटें जीतीं। कांग्रेस लगातार दूसरी बार खाता खोलने में नाकाम रही।
(भाषा इनपुट्स के साथ)