Cyclone Ditwah Latest Updates: दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की स्थिति पैदा हो चुकी है। तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ने के संकेत मिलने भी शुरू हो गए हैं। बंगाल की खाड़ी में गुरुवार को बना जो गहरा दबाव था, वह अब पूरी तरह चक्रवात ‘दित्वा’ में तब्दील हो चुका है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने प्री-साइक्लोन अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर देखने को मिल रहा है। 30 नवंबर तक स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 27 से 30 नवंबर तक तमिलनाडु में भारी से बेहद भारी बारिश होगी। वहीं 28 और 29 नवंबर को कुछ जिलों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। दक्षिण आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र में भी 28 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच लगातार बारिश का अनुमान है। केरल में 27 से 29 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को बारिश का असर देखने को मिलेगा।
दक्षिण कर्नाटक में 29 से 30 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। फिलहाल मौसम विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में तेज बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।
साइक्लोन दित्वा को लेकर बताया जा रहा है कि यह श्रीलंका में पोट्टुविल के पास बट्टिकलोआ क्षेत्र से करीब 90 किलोमीटर दूर, और चेन्नई से लगभग 700 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बना था। चक्रवात उत्तर–पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 30 नवंबर की शुरुआत तक यह उत्तर तमिलनाडु–पुदुचेरी–दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर दस्तक दे सकता है।
इस चक्रवाती तूफान की वजह से श्रीलंका में मौसम का मिज़ाज पहले से ही काफी खराब हो चुका है। भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के चलते अब तक 47 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। पूरे श्रीलंका में सभी स्कूल, कॉलेज और संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
