Cyclone Burevi, Weather HIGHLIGHTS: निवार तूफान के एक हफ्ते के अंदर ही तमिलनाडु और केरल में डर फैलाने वाला बुरेवी चक्रवात मन्नार की खाड़ी में ही कमजोर पड़ गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बुरेवी आज ही तमिलनाडु के तटीय इलाकों से टकराकर गुजरेगा। इसके बाद यह केरल से होता हुआ बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ेगा। इस बाबत केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकारों ने अलर्ट जारी कर दिए हैं। हालांकि, चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद केरल के 7 जिलों में लगे रेड अलर्ट को यलो अलर्ट में तब्दील कर दिया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि श्रीलंकाई तट से बुधवार रात को टकराया यह चक्रवाती तूफा शुक्रवार शाम तक तमिलनाडु से टकरा सकता है। हालांकि, बीच में ही दबाव वाले क्षेत्र के कारण इसका प्रभाव कुछ कमजोर हुआ है। फिलहाल यह रामनाथपुरम जिले से करीब 40 किमी दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित है और ठहरा हुआ है। बताया गया है कि तूफान की वजह से हवा की रफ्तार 65 से 75 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच रही है।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युजंय महापात्रा ने बताया कि दक्षिण तमिलनाडु में इस साल कम बारिश हुई है और इस मौसम प्रणाली से बारिश की कमी के दूर होने की संभावना है। केरल में चक्रवात बुरेवी की वजह से भारी वर्षा होने की आशंका के मद्देनजर राज्य हाईअलर्ट पर है। इसके चलते तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुक्रवार सुबह से आठ घंटे तक बंद रहेगा। इसके अलावा राज्य में दो हजार से ज्यादा राहत शिविर खोले गए हैं। आपदा संभावित क्षेत्रों से 15,840 लोगों को इन शिविरों में पहुंचाया गया है।

Live Blog

15:26 (IST)04 Dec 2020
केरलः बुरेवी चक्रवात की वजह से 6 बजे तक बंद एयरपोर्ट, 9 फ्लाइट्स का समय बदला

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शुक्रवार को नौ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। हवाईअड्डा के निदेशक सी वी रविंद्रन ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘विमानों का परिचालन शुक्रवार शाम छह बजे तक के लिए स्थगित किया गया है और सभी उड़ानों के समय में बदलाव किए गए हैं। स्थिति के आकलन के लिए दिल्ली से समीक्षा बैठक की जाएगी।’

14:42 (IST)04 Dec 2020
केरलः कमजोर पड़ा बुरेवी, सात जिलों में जारी रेड अलर्ट वापस

केरल में मौसम विभाग ने चक्रवात ‘बुरेवी’ के कमजोर होने के कारण राज्य के सात जिलों के लिए जारी ‘रेड अलर्ट’ वापस ले लिया है। चक्रवात ‘बुरेवी’ के प्रभाव से होने वाली बारिश और क्षति की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन जारी कर ‘रेड अलर्ट’ वापस ले लिया और राज्य के 10 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया।

14:00 (IST)04 Dec 2020
केरल के पांच राज्यों में आज सार्वजनिक अवकाश

बुरेवी चक्रवात के चलते केरल सरकार ने आज पांच जिलों में सार्वजनिक अवकाश का ऐलान किया है। इनमें राजधानी के साथ तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा और इदुक्की शामिल हैं। बता दें कि केरल के दो एयरपोर्ट भी आज शाम 6 बजे तक के लिए बंद रखे गए हैं। 

13:28 (IST)04 Dec 2020
केरल में बुरेवी चक्रवात से बचने के लिए आपात सेवाएं तैयार

केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने कहा कि चक्रवात, बारिश और महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। शैलजा ने कहा कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा, 'सभी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी रखें। अस्पताल प्रबंधन को आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है।' मौसम विभाग ने बुरेवी के मद्देनजर केरल में रेड अलर्ट जारी किया है।

12:38 (IST)04 Dec 2020
पुडुचेरीः निवार तूफान और बारिश से हुई तबाही का जायजा लेने पहुंचे सीएम

पुडुचेरी के सीएम वी नारायणसामी शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश के उन इलाकों के दौरे पर पहुंचे, जहां एक हफ्ते पहले निवार तूफान और बारिश की वजह से भारी नुकसान पहुंचा। बता दें कि पुडुचेरी फिलहाल बुरेवी तूफान के असर से बचा है। हालांकि, कई इलाकों में अभी भी मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है।

12:05 (IST)04 Dec 2020
तमिलनाडु के छह जिलों में आज पूर्ण अवकाश

बुरेवी चक्रवात के मद्देनजर तमिलनाडु के 6 जिलों में आज अवकाश घोषित किया गया है। ये जिले हैं- विरुधानगर, रामनाथपुरम, तिरुनलवेली, थुथुकुड़ी, तेनकाशी, और कन्याकुमारी। यहां फिलहाल आवश्यक सेवाएं जारी रखी जाएंगी।

11:36 (IST)04 Dec 2020
Cyclone Burevi LIVE: रामनाथपुरम से 40 किमी दूर बुरेवी चक्रवात

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बुरेवी चक्रवात मन्नार की खाड़ी के पास और ज्यादा कमजोर पड़ा है और अब यह दबाव वाले क्षेत्र में ही ठहरता दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 8.30 बजे तक यह चक्रवात रामनाथपुरम से 40 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। आने वाले समय में भी यह इसी क्षेत्र में स्थित रहेगा और अगले 12 घंटों में कमजोर पड़ जाएगा।

11:08 (IST)04 Dec 2020
बुरेवी चक्रवात के टकराने से पहले ही रामेश्वरम में खराब मौसम

तमिलनाडु की तरफ बढ़ते बुरेवी चक्रवात का असर राज्य पर अभी से दिखाई देने लगा है। कई तटीय इलाकों में मौसम काफी खराब हो गया है। रामेश्वरम में तो तेज हवाएं और समुद्र की तेज लहरें चल रही हैं।

10:28 (IST)04 Dec 2020
पांबन से 70 किमी दूर ठहरा है बुरेवी तूफान

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु और केरल के लिए खतरे के तौर पर देखा जा रहा बुरेवी तूफान मन्नार की खाड़ी के पास ही ठहरा है और इसकी रफ्तार भी कमजोर पड़ी है। फिलहाल यह तूफान पांबन से 70 किमी की दूरी पर है। और इसके आसपास 55-65 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जो कि 74 किमी प्रतिघंटे तक जा रही हैं।