Weather Forecast Today, Cyclone Bulbul: चक्रवात ‘बुलबुल’ बांग्लादेश की ओर बढ़ने से पहले पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में कहर बरपा रहा है। चक्रवात के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में 10 लोगों की मौत हो गयी और 2.73 लाख परिवार प्रभावित हुए हैं। रविवार को आधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी। गंभीर चक्रवात के कारण रविवार सुबह तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते सैकड़ों पेड़ उखड़ गये और शहर में तथा उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर जिलों में बिजली के तार टूट गये, जिससे जनजीवन थम गया।
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के पास तटीय जिलों में चक्रवात के कारण 2,473 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और अन्य 26,000 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मछली पालन वाले शहर बक्खाली और नामखाना सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि तूफान में 2.73 लाख परिवार प्रभावित हुए हैं, 1.78 लाख लोगों को राज्य के नौ जगहों पर बने राहत शिविरों में भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सिर्फ उत्तर परगना में चक्रवात ‘बुलबुल’ के कारण अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गयी। चक्रवात ‘बुलबुल’ के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अगले सप्ताह उत्तर बंगाल की अपनी यात्रा रद्द करने का फैसला किया है। वह सोमवार को नामखाना और बक्खाली के आसपास के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगी।