कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर नस्लभेदी टिप्पणी करने के मामले में बिहार की एक अदालत ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश पुलिस को दिया है। वहीं, सोनिया ने गिरिराज के बयान पर कहा कि ऐसी ‘‘संकीर्ण मानसिकता’’ वाले लोगों पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगी।

कांग्रेस ने गिरिराज के बयान के विरोध में दिल्ली और बेंगलूरु में प्रदर्शन किया और उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा के नेता बेंगलूरु में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

भाजपा ने यह कहते हुए विवाद को विराम देने की कोशिश की कि मंत्री द्वारा खेद जता दिए जाने के बाद मामले को खत्म माना जाना चाहिए। गिरिराज ने यह बयान देकर विवाद पैदा कर दिया था कि यदि सोनिया गांधी गोरी चमड़ी वाली नहीं होतीं तो क्या कांग्रेस ने उनका नेतृत्व स्वीकारा होता।

भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भी गिरिराज के बयान की निंदा की। कुशवाहा ने पटना में कहा, ‘‘एक केंद्रीय मंत्री को ऐसी भाषा बोलना शोभा नहीं देता, यह आपत्तिजनक टिप्पणी है।’’

जब पत्रकारों ने सोनिया की प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि वह ऐसी ‘‘संकीर्ण मानसिकता’’ वाले लोगों की बातों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगी। मध्य प्रदेश के नीमच में बर्बाद हुई फसलों को देखने और किसानों से मुलाकात करने गईं सोनिया से जब पत्रकारों ने इस बाबत पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि ऐसी संकीर्ण मानसिकता वाले लोगों की बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।’’

सोनिया गांधी के खिलाफ गिरीराज सिंह की रंगभेदी टिप्पणी के विरोध में आज पटना में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सिंह का पुतला फूंका।

इस अवसर पर बिहार कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष और बिहार विधान परिषद सदस्य रामचंद्र भारती, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एच के वर्मा, प्रदेश पार्टी महासचिव जया मिश्र एवं विनोश शर्मा, आजमी बारी और पटना जिला कांग्रेस कमेटी के पदधारक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गिरिराज को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोनिया के खिलाफ की गयी टिप्पणी के विरोध में प्रदेश के विभिन्न जिलों में गिरिराज सिंह का पुतला फूंका।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार ने गिरिराज के खिलाफ आंदोलन तेज करने की बात करते हुए कहा, या तो उन्हें मंत्री पद से हटाया जाए या फिर वह लिखित में माफी मांगें।

इसबीच पटना शहर के श्रीकृष्णापुरी थाना अंतर्गत आनंदपुरी इलाका स्थित गिरीराज के आवास, जहां कल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अंडे और टमाटर फेंके गए थे, पर पुलिस द्वारा सुरक्षा बढा दी गयी है।

श्रीकृष्णापुरी थाना अध्यक्ष मनोज मोहन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंत्री के आवास पर 24 घंटे सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है।