Coronavirus (COVID-19) पर मेदांता के चेयरमैन डॉक्टर नरेश त्रेहन ने कहा है- जिन लोगों ने यह बीमारी छिपाई, मेरे लिए वे असल देशद्रोही हैं। आखिर कोई कैसे इतना मतलबी हो सकता है? मैं खुश हूं कि पहली बार समाज के साथ इतना बड़ा धोखा करने वाले के खिलाफ केस हुआ।
बकौल डॉ.त्रेहन, “अच्छी बात है कि जो संक्रमित के संपर्क में आए, उन्हें भयंकर कोरोनावायरस नहीं हुआ। यह किस्मत की बात है। कोई दुआ है कहीं से…पर अगर अगर ये लगा और किसी की जान चली गई, तब तो वह हत्या हो गई। ऐसे में हमें इस पर कड़ी नजर रखनी है। हर एक आदमी की जिम्मेदारी है, तब किसी ने भी ऐसा किया तब उनके लिए नतीजे वही होना चाहिए। चूंकि, एक बेवकूफी से सैकड़ों लोगों की जान खतरे में डाली जा सकती है।”
कुछ उदाहरण गिनाते हुए डॉक्टर त्रेहन बोले- कई लोग अस्पताल से भाग गए हैं। ये बहुत ही गलत है। इसकी जितनी निंदा करूं, उतना कम है। ऐसा कर लोग खुद को व अपने परिवार व समाज को खतरे में डाल रहे हैं।
उन्होंने शो में आगे बताया, मास्क अतिरिक्त सुरक्षा दे सकता है, पर जरूरी नहीं है कि आप इससे पूरी तरह से सुरक्षित रहें। ऐसे में भीड़ वाली जगह न जाएं। मास्क न हो या मिले तब चुन्नी (महिलाएं) की लेयर बना लें और मुंह पर बांध लें। पुरुष रुमाल का इस्तेमाल करें।
देखें, चर्चा के दौरान डॉक्टर साहब ने और क्या बतायाः
डॉ.त्रेहन की ये टिप्पणी सिंगर कनिका कपूर के संदर्भ में थीं, जो लंदन से आने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। कपूर, विदेश से लौटने के बाद उत्तर प्रदेश के लखनऊ और कानपुर गई थीं, जहां उन्होंने कुछ पार्टियों और छिट-पुट इवेंट्स में हिस्सा लिया था।
सिंगर पर संक्रमण को छुपाने के आरोप में शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पश्चिमी के कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया। इससे पहले, जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने के आरोप में उत्तर प्रदेश प्रशासन ने कनिका के खिलाफ लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी।