Coronavirus India News HIGHLIGHTS: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में सामने आए कोविड-19 के 54 प्रतिशत मामले 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों से जुड़े हुए हैं, जबकि इस बीमारी से 51 प्रतिशत मौत उन लोगों की हुई है जिनकी उम्र 60 या उससे अधिक थी। उम्र के आधार पर कोविड-19 के मामलों और इससे होने वाली मौत का आकलन प्रस्तुत करते हुए मंत्रालय ने यह भी कहा कि 36 प्रतिशत मौत 45 से 60 वर्ष की आयु वर्ग में, 11 प्रतिशत मौत 26-44 आयु वर्ग में और एक प्रतिशत मौत 18-25 आयु वर्ग तथा 17 साल से कम की आयु वालों की हुई।
अनलॉक 4 के तहत विभिन्न राज्यों ने जारी किए दिशानिर्देश, जानें क्या खुलेगा-क्या बंद रहेगा
पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 78 हजार 357 नए मामले दर्ज हुए हैं। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 लाख 69 हजार के पार हो गई है। इतना ही नहीं देश में पिछले एक दिन में 1045 लोगों की जान भी गई है और अब कुल मौतों का आंकड़ा 66 हजार 333 पर पहुंच गया है। परेशान करने वाली बात यह है कि देश में एक्टिव केसों की संख्या भी 8 लाख से ज्यादा है। हालांकि, ठीक होकर अस्पताल लौटने वाले मरीज भी 29 लाख से ज्यादा हो गए हैं।
Highlights
पंजाब में बुधवार को एक दिन में कोविड-19 से रिकॉर्ड 106 लोगों की मौत हो गई जिससे राज्य में इस महामारी के चलते जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,618 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आज यह जानकारी एक मेडिकल बुलेटिन में दी। बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में बुधवार को कोविड-19 के 1,514 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 56,989 हो गई है।
नेपाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,120 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बुधवार को 41,649 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के प्रवक्ता जागेश्वर गौतम ने कहा कि देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण से 12 रोगियों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों की संख्या 251 हो गई है।
उत्तराखंड में बुधवार को कोविड-19 के रिकार्ड 836 नए मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 21,234 हो गयी है। इस महामारी से राज्य में 11 और मरीजों की मौत हो गयी। यहां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार कोरोना वायरस के सर्वाधिक 220 नये मामले हरिद्वार जिले में सामने आये जबकि देहरादून में 184, उधमसिंह नगर में 112 और नैनीताल में 97 मामले सामने आए है।
कर्नाटक में बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 9,860 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमण से 113 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अभी तक कुल 3,61,341 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि 5,950 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। कर्नाटक में अभी तक 30 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 73,317 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। इलाज के बाद 6,287 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है, अभी तक 2,60,913 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में स्थित एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में कोविड-19 के 12 नये मरीज सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या बुधवार को बढ़कर 2,792 हो गई है। बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि धारावी में सामने आए कुल संक्रमितों में से 2,472 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 95 उपचाराधीन हैं। बीएमसी ने इस इलाके में मौतों का आंकड़ा जारी करना बंद कर दिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़ कर 29 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। साथ ही, अंतिम 10 लाख मरीज सिर्फ 17 दिनों में स्वस्थ हुए, जबकि इससे पहले इतनी ही संख्या में मरीजों के स्वस्थ होने में 22 दिन लगे थे। स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या कोविड-19 के इलाजरत मरीजों की संख्या से 21 लाख से अधिक हो गई है।
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोविड-19 के 2,509 नए मामले सामने आए जो लगभग दो महीने में एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सामने आए नए 2,509 मामलों के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में महामारी के अब तक सामने आए मामलों की संख्या 1.79 लाख से अधिक हो गई है। इसने कहा कि पिछले 24 घंटे में 19 और लोगों की मौत हो गई जिससे महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 4,481 हो गई है। मंगलवार को दिल्ली में संक्रमण के 2,312 नए मामले सामने आए थे।
कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये सियासी नेताओं की फेहरिस्त में मध्य प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री और भाजपा के मौजूदा विधायक महेंद्र हार्डिया का नाम जुड़ गया है। इंदौर के क्षेत्र क्रमांक-5 की विधानसभा में नुमाइंदगी करने वाले हार्डिया ने अपने कोरोना वायरस संक्रमित होने की जानकारी ट्विटर पर बुधवार को दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "मेरी कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। विगत दिनों जो भी लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सभी से अनुरोध है कि वे अपना टेस्ट अवश्य करा लें।"
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 8 लाख 8 हजार के पार हो गई है। वहीं, 24 घंटे में 320 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 24,903 हो गई है। देश के कुल मौतों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 74 और लोगों की मौत हो गई तथा 5,716 नए रोगियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को यहां बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 74 और लोगों की मौत हो गई। इस तरह प्रदेश में इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 3,616 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में राज्य में कोरोना वायरस के 5,716 नए मामले सामने आये है। राज्य में इस समय 56,459 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
लद्दाख में कोविड-19 से 80 वर्ष से अधिक आयु के एक मरीज की मौत हो गई जिसके बाद संघ शासित प्रदेश में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 52 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद लद्दाख में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 2,733 मामले सामने आ चुके हैं।
भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 77 फीसदी यानी करीब 29 लाख लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 60 हजार से ज्यादा मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 8 लाख के करीब हैं।
इसी के साथ देश में अब तक कुल चार मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और अब गोवा के प्रमोद सावंत शामिल हो गए हैं। यह सभी सीएम भाजपा शासित प्रदेशों के ही हैं।
इटली के वैज्ञानिकों ने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीज को वायरस को दूर करने में कम से कम एक महीना लगता है। इसलिए पॉजिटिव आने के एक महीने बाद ही दोबारा टेस्ट कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि पांच निगेटिव टेस्ट रिजल्ट में एक गलत होता है। इटली के मोडेना एंड रेजियो एमिलिया यूनिवर्सिटी के डॉ. फ्रांसिस्को वेंतुरेली और उनके साथियों ने 1162 मरीजों पर अध्ययन किया है। इसमें कोरोना मरीजों की दूसरी बार टेस्टिंग 15 दिन बाद, तीसरी बार 14 दिन बाद और चौथी बार नौ दिन बाद की गई। इसमें पता चला कि पहले जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई वे फिर से पॉजिटिव पाए गए। औसतन पांच लोगों के निगेटिव टेस्ट में एक का रिजल्ट गलत था। अध्ययन के मुताबिक 50 साल तक के लोगों को 35 दिन और 80 साल से ज्यादा की उम्र वालों को ठीक होने में 38 दिन लगते हैं।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना का खतरा थमता नजर नहीं आ रहा है। राज्य में आज 22 पॉजिटिव केस मिले। इसी के साथ अब हिमाचल में कोरोना के कुल 6283 केस हैं। इनमें 1524 एक्टिव हैं, जबकि 4673 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इसके अलावा 40 लोगों की जान भी गई है। सबसे ज्यादा 1459 केस सोलन में हैं, जबकि सिरमौर में भी 921 केस आ चुके हैं।
देश में पहली बार प्लाज्मा के लिए एयर कॉरिडोर बनाया गया। श्रीनगर में कोरोना से संक्रमित 60 साल की बुजुर्ग महिला के लिए प्लाज्मा बेंगलुरू से श्रीनगर भेजा गया। 3 हजार किलोमीटर का सफर 8 घंटे में तय करने के बाद प्लाज्मा मंगलवार दोपहर को श्रीनगर पहुंचा। महिला गवर्नमेंट हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और गौतमबुद्ध नगर सीट से विधायक पंकज सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सलाह पर वे अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। बता दें कि हाल ही में उन्हें यूपी में भाजपा के उपाध्यक्ष का पद मिला है। इससे पहले भाजपा के यूपी इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
तेलंगाना में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 2892 नए केस सामने आए हैं। इसके अलावा 10 लोगों की जान भी गई है। तेलंगाना में अब कुल केसों की संख्या 1 लाख 30 हजार 589 पर पहुंच गई है। इनमें 32,341 एक्टिव केस हैं, जबकि 97 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 846 लोगों की जान गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि राज्य सरकार अब अलग-अलग जिलों का डेटा रोजाना बुलेटिन में नहीं दे रही है।
राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की हालत बिगड़ी है। उन्हें प्लाज्मा थेरेपी दी गई है, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ है। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से वे राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस (आरयूएचएस) में भर्ती हैं। उधर, सरकार ने बताया कि आरयूएचएस में ही 100 बेड का अतिरिक्त कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है। इनमें भी 25 बेड हाई फ्लो ऑक्सीजन युक्त होंगे। निम्स मेडिकल कॉलेज में भी 25 ऑक्सीजन युक्त बेड और 75 कोविड केयर बेड की व्यवस्था की गई है।
ओडिशा में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या में इजाफा जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 3219 नए केस आए हैं। इसी के साथ अब तक यहां कुल 1,09,780 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें फिलहाल 28,443 एक्टिव केस हैं, जबकि 80,770 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। प्रवासी मजदूरों के आने से राज्य का गंजम जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमितों की संख्या 18,069 पर पहुंच चुकी है, जबकि राज्य में हुई कुल 556 मौतों में से 199 यहीं हुई हैं।
देशभर में आज जॉइंट एंट्रेस एग्जाम (जेईई-मेन्स) का दूसरा दिन है। इस बीच सिलिगुड़ी में बुधवार को एग्जाम सेंटर के बाहर छात्रों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। सेंटर के बाहर गार्ड माइक के जरिए छात्रों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के लिए भी कह रहे हैं। बता दें कि जेईई की परीक्षाएं देशभर में 1 से 6 सितंबर तक चलनी हैं।
राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा जारी है। राज्य में आज 690 नए संक्रमित सामने आए हैं, जबकि 5 लोगों की जान भी गई है। इसी के साथ राजस्थान में अब तक 83 हजार 853 पॉजिटिव केस दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा 1074 लोगों की मौत हुई है। आज सबसे ज्यादा 124 मामले जयपुर में दर्ज हुए हैं। इसके अलावा बीकानेर से भी 79 केस आए हैं। फिलहाल राज्य में 68 हजार 265 लोग कोरोना से मुक्त हो चुके हैं, जबकि 14,514 एक्टिव केस हैं।
देश में 24 घंटे में कोरोना के 10 लाख 12 हजार 367 टेस्ट हुए हैं। आईसीएमआर के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में कुल 4 करोड़ 43 लाख 37 हजार 201 सैंपल्स टेस्ट हुए हैं। हालांकि, भारत का टेस्ट पॉजटिविटी रेट अब 7 फीसदी के करीब पहुंच गया है, जबकि रिकवरी रेट 77 फीसदी से ऊपर है। बता दें कि भारत में अब तक चार बार कोरोना के 10 लाख से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।